चंडीगढ़। सेक्टर-22 स्थित एक नामी निजी स्कूल में मंगलवार को चार साल के मासूम बच्चे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। नर्सरी में पढ़ने वाले छात्र की पिटाई से नाराज पिता ने सेक्टर-22 पुलिस चौकी और चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) में शिकायत दर्ज कराई है। घटना के समय क्लास रूम का सीसीटीवी कैमरा बंद पाए जाने पर परिजनों ने फुटेज के साथ छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया है।
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में कार्यरत और सेक्टर-22 निवासी पीड़ित पिता अर्शदीप सिंह ने बताया कि वह मंगलवार सुबह अपने चार वर्षीय बेटे स्वैमान सिंह को स्कूल छोड़कर आए थे। आरोप है कि सुबह करीब 11:30 बजे क्लास की महिला हेल्पर (मेड) ने बच्चे की बुरी तरह पिटाई कर दी। घर लौटने पर मासूम ने खुद परिजनों को आपबीती सुनाई। पिटाई से डरा-सहमा बच्चा बीमार पड़ गया है।
अर्शदीप सिंह का कहना है कि जब वे शिकायत लेकर स्कूल पहुंचे और सीसीटीवी जांचने की मांग की, तो संबंधित क्लास रूम (नर्सरी-ए) का कैमरा बंद मिला, जबकि स्कूल के बाकी सभी कैमरे काम कर रहे थे। पिता का आरोप है कि मंगलवार सुबह 9:30 बजे तक की वीडियो तो उपलब्ध है, लेकिन उसके बाद की फुटेज गायब है, जिसे जानबूझकर डिलीट किया गया लगता है।
पीड़ित पिता ने यह भी दावा किया कि जब उन्होंने प्रिंसिपल से बात की, तो उन्होंने मेड के पारिवारिक विवाद में डिप्रेशन (फ्रस्ट्रेशन) में होने की बात कही। शिकायत पर पुलिस ने अस्पताल में बच्चे का मेडिकल कराया है और जांच के लिए स्कूल से डीबीआर कब्जे में ले लिया है।
बॉक्स
पेरेंट्स का कॉल आने पर हमने तुरंत शिकायत सुनी। मेड ने बताया कि बच्चा खाना नहीं खा रहा था, इसलिए उसने सिर्फ पीठ थपथपाई थी। मेड ने अपनी गलती मान ली है और हमने उसे तुरंत नौकरी से हटाकर घर भेज दिया है। जहां तक सीसीटीवी का सवाल है, साढ़े नौ बजे के बाद सिर्फ एक रूम ही नहीं, बल्कि पूरी विंग में ही तकनीकी खराबी के कारण फुटेज रिकॉर्ड नहीं हो सकी थी।—आरती मल्होत्रा,स्कूल प्रिंसिपल
आधिकारिक कोट
मामले की शिकायत दर्ज कर ली गई है और गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस टीम स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों और डीबीआर को खंगाल रही है। जांच में सामने आए तथ्यों व सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -सुदेश, एसएचओ थाना सेक्टर-17