31 जुलाई को हरियाणा के नूंह में एक धार्मिक यात्रा के दौरान हिंसा भड़क गई थी। अब हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने एलान किया है कि नूंह हिंसा में हुए नुकसान की भरपाई जिम्मेदार और चिन्हित दंगाइयों से नियमानुसार कराई जाएगी। वहीं हिंसा में जान गंवाने वाले दो होमगार्ड जवान के परिजनों को 50 लाख और चार नागरिकों के परिजनों को 4-4 लाख रूपये का मुआवजा सरकार देगी। उन्होंने बताया कि नूंह दंगों में प्रभावित एक फैक्टरी को एक करोड़ 20 लाख रुपये का मुआवजा भी दिया गया है। जो बचे लोग हैं, उन्हें भी जल्द मुआवजा दिया जाएगा।
सीएम मनोहर लाल ने एक क्लिक में पांच करोड़ 90 लाख 99 हजार रुपये सीधे बाढ़ प्रभावितों के खातों में भेजे। अब तक कुल सात करोड़ 50 लाख 99000 रुपये की राशि सरकार जारी कर चुकी है। घर, पशुधन, कमर्शियल और घरेलू सामान के नुकसान के कुल 8456 क्लेम मिले हैं। उधर, कपास की सुंडी के प्रकोप के चलते 30 नवंबर तक क्षतिपूर्ति पोर्टल खुला रहेगा।
मंत्रिमंडल के महत्वपूर्ण फैसले
- मान्यता प्राप्त मीडियाकर्मियों की पेंशन 10,000 रुपये से बढ़ाकर 15 हजार रुपये की।
- मध्यम व कम क्षमता वाले शहरों में दीनदयाल जन आवास योजना (डीडीजेएवाई) में किफायती प्लॉटेड हाउसिंग नीति के खंड 2 (1) में संशोधन को मंजूरी।
- मृत पुलिसकर्मियों के 50 आश्रितों को क्लर्क पद पर नियुक्ति को मंजूरी।
- संपत्ति हस्तांतरण के दस्तावेजों के पंजीकरण के लिए प्रत्येक उप-मंडल को एक उप-जिला के रूप में गठन को मंजूरी।