चंडीगढ़। शुक्रवार देर रात नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के छात्र नेता विपुल अत्रेय की गाड़ी की तोड़फोड़ हुई है। पंजाब यूनिवर्सिटी में हॉस्टल नंबर 6 के बाहर खड़ी गाड़ी को पूरी तरह से डैमेज करने की कोशिश की गई है। इस दौरान तोड़फोड करने वालों ने कार के शीशों से लेकर उसके चारों टायरों को भी किसी नुकीली चीज से फाड़ा है। साथ ही सफेद पेंट डालकर कार को नुकसान पहुंचाया गया है।
गाड़ी में किसी प्रकार की कोई चोरी नहीं हुई है, मात्र उसके शीशों को तोड़ा गया है। माना जा रहा है कि रंजिशन इस पूरे वारदात को अंजान दिया गया है। घटना की जानकारी विपुल अत्रेय को शनिवार सुबह साढ़े आठ मिली। विपुल ने बताया कि रात 12 बजे के करीब गाड़ी को हॉस्टल नंबर- 6 के बाहर खड़ा किया था। सुबह जब उठकर देखा तो गाड़ी के सभी शीशों को तोड़ने से लेकर टायरों को फाड़ दिया गया था। इसकी शिकायत सेक्टर-11 स्थित पुलिस स्टेशन और चीफ सिक्योरिटी ऑफिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने अनजान के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है। विपुल ने बताया कि पुलिस को शिकायत देने के बाद आसपास के लोगों से बात की तो स्थानीय लोगों ने बताया कि रात एक से डेढ़ बजे के बीच कुछ आवाजें जरूर आई थीं, लेकिन उन्होंने जब घर के बाहर आकर देखा तो कुछ दिखाई नहीं दिया। वहीं, पीयू चीफ सिक्योरिटी आफिसर ने कहा है कि वह सीसीटीवी फुटेज की जांच करेंगे और जल्द ही आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।
कोट---
शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। - राजीव, थाना प्रभारी, सेक्टर-11