एनआरआई युवक अपनी बीमार बहन को दवा दिलाकर लौट रहा था कि रास्ते में खौफनाक हादसा हो गया, और उसकी मौत हो गई। हादसा पंजाब में फाजिल्का-नई दिल्ली राष्ट्रीय मार्ग स्थित गांव अबुल खुराना के पास के हुआ।
हादसा मोटरसाइकिल के आगे लावारिस पशु आ जाने से हुआ। मृतक युवक शादी करवाने लिए सिंगापुर से आया था। सुखजीत सिंह (24) निवासी गांव जंडवाला बचपन से ही अपनी बुआ के गांव मलोट स्थित घर में रहता था। करीब आठ साल पहले वह सिंगापुर चला गया था।
उसके बाद से वहीं पर ही रह रहा था। कुछ दिन पहले ही वह अपनी शादी के लिए गांव मलोट वापस आया था। रविवार रात को वह अपनी बीमार बहन को दवा दिलाने के बाद उसे उसके ससुराल घर गांव मैहणा में छोड़कर गांव मलोट को वापस लौट रहा था। रात करीब नौ बजे वह गांव अबुल खुराना के पास पहुंचा तो उसकी बाइक के आगे लावारिस पशु आ गया।