चंडीगढ़। स्मार्ट सिटी लिमिटेड में चीफ जनरल मैनेजर के पद पर तैनात एनपी शर्मा को यूटी प्रशासन ने नगर निगम का चीफ इंजीनियर नियुक्त किया है। इस संबंध में वीरवार को गृह सचिव अरुण कुमार गुप्ता ने आदेश जारी कर दिया। एनपी शर्मा को एक साल के लिए चीफ इंजीनियर नियुक्त किया गया है, जिसे जरूरत अनुसार बढ़ाया जा सकता है।
आदेश के अनुसार, एनपी शर्मा चीफ इंजीनियर के साथ स्मार्ट सिटी लिमिटेड में चीफ जनरल मैनेजर का अतिरिक्त प्रभार भी देखेंगे। एनपी शर्मा को दूसरी बार चंडीगढ़ नगर निगम का चीफ इंजीनियर बनाया गया है। जन स्वास्थ्य विभाग के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर शैलेंद्र सिंह के पास पिछले डेढ़ साल से चीफ इंजीनियर का अतिरिक्त प्रभार था। हालांकि एनपी शर्मा की नियुक्ति के बाद अब वह जन स्वास्थ्य विभाग के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर का ही कार्य देखेंगे। शैलेंद्र सिंह दो साल पहले नगर निगम में एसई के तौर पर ही आए थे लेकिन मनोज बंसल का तबादला होने पर उन्हें नगर निगम के चीफ इंजीनियर का चार्ज सौंप दिया गया था। शैलेंद्र सिंह हरियाणा कैडर के इंजीनियर हैं जबकि एनपी शर्मा पंजाब कैडर से संबंध रखते हैं। बुधवार को प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल ने नगर निगम के चीफ इंजीनियर के पद के लिए तीन अधिकारियों का इंटरव्यू लिया था। इनमें एनपी शर्मा, शैलेंद्र सिंह के अलावा टीपी सिंह का नाम शामिल था। इंटरव्यू के बाद धर्मपाल ने पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर से तीनों नामों पर चर्चा की और बदनौर की मंजूरी के बाद वीरवार को गृह सचिव अरुण कुमार गुप्ता ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया।