हरियाणा निर्वाचन आयोग ने बनाया क्यू मैनेजमेंट मोबाइल एप्लीकेशन
चंडीगढ़। हरियाणा के मतदाताओं के लिए राहत की खबर है। अब उनको मतदान के लिए लंबी लाइनों में लगकर इंतजार नहीं करना पड़ेगा। हरियाणा निर्वाचन आयोग ने वोटरों की सहूलियत के लिए क्यू मैनेजमेंट मोबाइल एप्लिकेशन सिस्टम तैयार किया है। हर मतदाता घर बैठे हुए मतदाता केंद्र पर कितनी लंबी लाइन है, देख सकेगा। हरियाणा निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने भारत निर्वाचन आयोग के प्रतिनिधिमंडल के सामने इसकी प्रस्तुति दी है।
आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर वीरवार को यहां हरियाणा, पंजाब व केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों और उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ भारत निर्वाचन आयोग के उप निवार्चन आयुक्त हिरदेश कुमार ने बैठक की। इस दौरान मतदाता सूचियों के संशोधन बारे भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस बार 17 साल की उम्र में बना सकेंगे वोट
हिरदेश कुमार ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने पहली बार 17 साल की आयु में ही युवाओं को मतदाता बनने का अवसर दिया है। पहले किसी भी वर्ष की एक जनवरी को या उससे पहले 18 वर्ष के होने वाले युवा ही मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के पात्र होते थे। लेकिन अब किसी भी वर्ष की एक जनवरी, एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्तूबर को 18 साल की उम्र होने पर युवा स्वयं को मतदाता के रूप में पंजीकरण करवा सकते हैं। 2023 में मतदाता सूचियों के संशोधन के दौरान कोई भी नागरिक जो 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर, 2023 तक 18 वर्ष के हो रहे हैं, वे मतदाता के रूप में अपना पंजीकरण अवश्य करवाएं।
हरियाणा में 1 करोड़ 95 लाख 48 हजार 846 मतदाता
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने कहा कि हरियाणा में 1,95,48,846 मतदाता हैं। इनमें 1,04,16,965 पुरुष, 91,31,447 महिलाएं और 434 ट्रांसजेंडर शामिल हैं। हरियाणा में मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है और गुरुग्राम व फरीदाबाद जैसे बड़े शहरों में ग्रुप हाउसिंग सोसायटी में लोगों को मतदाता के रूप में पंजीकृत करने के लिए विशेष अभियान भी चलाए जा रहे हैं।