शहर के लोगों को फ्रेश दूध, दही, लस्सी और ताजी सब्जियां अब सस्ते दामों पर घर पर ही मिल पाएंगी।
वहीं, किसान भी अपने उत्पाद को सही तरीके से बेच सकेंगे। यह संभव होने जा रहा है आत्मा स्कीम के अधीन जिले में चार नई आत्मा किसान हट व एक मोबाइल आत्मा किसान हट शुरू होने से। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। कुछ ही महीनों में यह सेवा शुरू होने की उम्मीद है।
यह जानकारी वीरवार को डीसी तेजिंदर पाल सिंह सिद्धू ने दी। उन्होंने बताया है कि खरड़ में शुरू हुई आत्मा किसान हट को बढ़िया रिस्पांस मिला है। इसके बाद प्रशासन की ओर से यह प्रस्ताव तैयार किया गया है।
डीसी ने बताया कि इन हटों से किसान और उपभोक्ता दोनों को ही फायदा है। वहीं, किसानों को अपने उत्पाद बेचने के लिए मार्केटों के धक्के नहीं खाने पड़ेंगे।
किसान हट खुलने से इलाके के किसान परिवारों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने बताया कि खरड़ वाली किसान हट सुखजीवन सेल्फ हेल्प ग्रुप के सहयोग से चलाई जा रही है।
हट खेतीबाड़ी विभाग के सहयोग से खरड़ तहसील कांप्लेक्स में स्थापित की गई है। हट पर आचार, मुरब्बे, लस्सी, शुद्ध देसी घी, मक्खन व आर्गेनिक दालों समेत ताजी हरी सब्जियों की बिक्री की जाती हैं।