फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: अब बस स्टैंड और पासपोर्ट कार्यालय को आई बम से उड़ाने की धमकी

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। शहर में सोमवार को एक बार फिर बम धमकी से हड़कंप मच गया। सेक्टर-17 बस स्टैंड, सेक्टर-34 के पासपोर्ट सेवा केंद्र और इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 के मुख्य पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल आया। ईमेल पासपोर्ट कार्यालय की आधिकारिक आईडी पर रविवार रात 11:46 बजे प्राप्त हुआ, जिसकी जानकारी सोमवार सुबह दफ्तर खुलने पर अधिकारियों को मिली। दोपहर 12:02 बजे पुलिस को सूचित किया गया जिसके बाद चंडीगढ़ पुलिस तुरंत हरकत में आई।
विज्ञापन

एहतियातन सेक्टर-34 और इंडस्ट्रियल एरिया के दोनों पासपोर्ट कार्यालय खाली करा लिए गए। साथ ही सेक्टर-17 बस स्टैंड पर बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया। करीब डेढ़ घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन में किसी भी स्थान से कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। जांच पूरी होने के बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे कामकाज बहाल कर दिया गया।
ईमेल में चेतावनी
ईमेल के सब्जेक्ट में बम विस्फोट की चेतावनी लिखी गई थी। मेल भेजने वाले ने अपना नाम आरना अश्विन शेखर बताया है। ईमेल में कुछ व्यक्तियों पर छेड़छाड़ और दुष्कर्म के आरोप लगाते हुए न्याय न मिलने का हवाला दिया गया। साथ ही कुछ संगठनों का उल्लेख कर कथित सरकारी दुरुपयोग के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
विज्ञापन

पासपोर्ट कार्यालय में कामकाज प्रभावित
बम की अफवाह के चलते इंडस्ट्रियल एरिया के पासपोर्ट सेवा केंद्र में करीब एक घंटे तक कामकाज ठप रहा। अपॉइंटमेंट लेकर पहुंचे लोगों को बाहर खड़ा रहना पड़ा। गुरप्रीत सिंह ने बताया कि वह सुबह दस बजे पहुंचे थे, तभी अचानक अफरा-तफरी मच गई और सभी को बाहर कर दिया गया। राजिंदर ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही लोगों को अंदर जाने दिया गया। अधिकारियों के अनुसार अपॉइंटमेंट कम होने के कारण जांच के बाद अधिकांश आवेदकों का काम निपटा दिया गया। हालांकि, सेक्टर-34 के केंद्र में भीड़ अधिक होने से कुछ लोगों को इंतजार के बाद लौटना पड़ा।
तकनीकी जांच में जुटी पुलिस
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ईमेल में जिन नामों का उल्लेख है, उनका चंडीगढ़ से कोई संबंध है या नहीं। साइबर सेल ने आईपी एड्रेस ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गौरतलब है कि इससे पहले भी शहर के स्कूलों और अदालतों को इस तरह के धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं लेकिन हर बार जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया। एसएसपी कंवरदीप कौर ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। एहतियातन संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें