अब लोग घर बैठे प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर पाएंगे। लोगों की सुविधा के लिए नगर परिषद जीरकपुर ने प्रॉपर्टी टैक्स ऑनलाइन कर दिया है।
नगर काउंसिल आफिस में हुई मीटिंग में इसकी शुरुआत हलका विधायक एवं सीपीएस एनके शर्मा ने बटन दबाकर की। वहीं, 15 अगस्त के बाद जीरकपुर क्षेत्र का पानी और सीवरेज का बिल भी ऑनलाइन कर दिया जाएगा।
हलका विधायक एनके शर्मा ने बताया कि चुनाव के बाद पहली बैठक में बिलों को ऑनलाइन करने का प्रस्ताव पास किया गया था। नगर परिषद ने बिलों की अदायगी के लिए एक सॉफ्टवेयर तैयार किया था।
ऑनलाइन सुविधा शुरू होने से अब लोगों को बिल जमा करवाने के लिए लाइन में नहीं लगना पड़ेगा और नहीं नगर काउंसिल आफिस के चक्कर काटने पड़ेंगे। विधायक ने बताया कि नगर परिषद जीरकपुर ने अभी प्रॉपर्टी टैक्स आनलाइन किया है। जबकि 15 अगस्त तक पानी व सीवरेज आदि का बिल भी ऑनलाइन कर दिया जाएगा।
ओवर लोड ट्रकों पर कसी जाएगी नकेल
हाईवे पर लगने वाले जाम और अन्य दिक्कतों पर बैठक में हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों के साथ चर्चा हुई। बैठक में तय किया गया कि हाईवे अथॉरिटी के अधिकारी और नगर परिषद के अधिकारी मिलकर हाईवे पर लोगों को आ रही दिक्कतों को दूर करेंगे।
बैठक में ट्रैफिक पुलिस के इंचार्ज गुरविंद्र सिंह भी मौजूद रहे। उन्हें हिदायत दी गई कि ट्रकों को बलटाना, ढकोली व अन्य क्षेत्रों में घुसने पर रोक जाए। अगर फिर भी कोई नियमों को तोड़ता है तो ट्रक को जब्त करने की कार्रवाई की जाए।
कोट...........
जीरकपुर के लोगों को पानी व सीवरेज और प्रॉपर्टी टैक्स की अदायगी के लिए नगर परिषद के कार्यालय आना पड़ता है। जिससे लोगों का पूरा दिन खराब हो जाता था। लोगों की इस समस्या को देखते हुए प्रॉपर्टी टैक्स को ऑनलाइन कर दिया गया है। 15 अगस्त तक पानी व सीवरेज के बिलों की अदायगी भी लोग आनलाइन से कर पाएंगे।
एनके शर्मा, हलका विधायक