मोहाली शहर के लोग आने वाले दिनों में मोबाइल से भी अपना प्रॉपर्टी टैक्स भर सकेंगें। साथ ही निगम से संबंधित हर जानकारी उन्हें अपने मोबाइल पर ही मिल जाएगी।
यह संभव होने जा रहा है निगम द्वारा मोबाइल एप शुरू करने से। इससे जहां लोगों को नगर निगम या बैंक की लंबी लाइनों में लगकर प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने से मुक्ति मिलेगी, वहीं लोग कहीं भी बैठकर अपना भुगतान कर पाएंगे। निगम 17 जनवरी को एप का शुभारंभ करेगा। इस मौके पर नगर निगम भवन में एक विशेष समागम करवाया जाएगा। इसमें मेयर समेत कई सीनियर अधिकारी मौजूद रहेंगे।
जानकारी के मुताबिक, निगम ने लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर एप शुरू करने का फैसला लिया है। क्योंकि आजकल हर व्यक्ति के पास स्मार्ट फोन है। वहीं, शहर को पहले ही दुनिया में आईटी सिटी के नाम से जाना जाता है। इसी चीज को ध्यान में रखकर निगम ने यह एप तैयार करवाया है।
चंडीगढ़ बेस्ड कंपनी से निगम ने यह सिस्टम तैयार करवाया है। निगम अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, एड्रॉयड फोन में यह एप डाउनलोड करने के लिए गूगल स्टोर में जाकर म्युनिसिपल कॉरपोरेशन मोहाली नाम लिखना होगा। इसके बाद एप दिखना शुरू हो जाएगा। जिसे फ्री में डाउनलोड किया जा सकता है।
ऐसे काम करेगा एप
निगम द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स भरने आ रहे लोगों को एक यूनीक आइडेंटिटी नंबर (यूआईडी) दी जा रही है। इस आईडी को लोग एप में इस्तेमाल कर सकेंगे, जोकि उनका लॉग इन आइडी भी होगा। एप में प्रापर्टी टैक्स भरने और स्टेटस दोनों पता चल सकेगा।
इतना ही नहीं इसमें कॉरपोरेशन और पीएमओ की वेबसाइट पर स्वच्छ भारत मिशन का लिंक भी दिया गया है, ताकि लोग सीधे वेबसाइट भी खोल सकें। इस से उन्हें निगम द्वारा बनाई गई नई योजनाओं का भी पता सकेगा। वेबसाइट पर और एप को बनाने में कुल 6.5 लाख रुपये का खर्च आया है।
वेबसाइट से भी जान सकते हैं स्टेटस
प्रॉपर्टी टैक्स का स्टेटस जानने के लिए निगम की वेबसाइट पर भी आप्शन दिया गया। जिसमें यूआईडी या मकान नंबर और सेक्टर भरकर टैक्स के भुगतान, बकाया व अंतिम तारीख से जुड़ी जरूरी जानकारी मिल जाएगी। ऐसा निगम द्वारा पहली बार किया जा रहा है।