पीजीआई के बाद जीएमसीएच 32 की भी ओपीडी ऑनलाइन होने जा रही है। अब मरीज घर बैठे इंटरनेट से ओपीडी में रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे। यह मरीजों के लिए बहुत बड़ी सुविधा होगी। रजिस्ट्रेशन के बाद मरीजों को ओपीडी कार्ड बनवाने के लिए लाइन में नहीं लगना होगा। घर से निकलकर वे सीधे अपने मर्ज से संबंधित डॉक्टर को दिखा सकेंगे।
वीरवार को एडवाइजर विजय कुमार देव इस ऑनलाइन सिस्टम का शुभारंभ करेंगे। करीब महीने भर पहले पीजीआई ने भी अपनी एक दर्जन ओपीडी का रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन करने का फैसला किया था, लेकिन पीजीआई में सिर्फ वही मरीज रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे, जो पहली बार डॉक्टर को दिखाने जा रहे हैं।
दोबारा आने वालों को भी मिलेगा फायदा
जीएमसीएच 32 के डायरेक्टर प्रिंसिपल प्रोफेसर अतुल सचदेवा ने बताया है कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा सभी मरीजों के लिए होगी। चाहे वह पहली बार आ रहा हों या दोबारा। मरीजों को जीएमसीएच 32 की वेबसाइट पर जाकर फार्म भरना होगा। पीजीआई में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का फायदा उन लोगों को ही दिया गया है, जो पहली बार संस्थान के डॉक्टरों को दिखाने जा रहे हैं।
प्रोफेसर अतुल सचदेवा के मुताबिक, जीएमसीएच 32 की सभी ओपीडी ऑनलाइन होंगी। इनमें मेडिसिन, आरथोपेडिक्स, स्किन, ईएनटी, जनरल सर्जरी, गायनी, नेत्र रोग, पीडियाट्रिक्स, मनोचिकित्सक, पल्मनरी मेडिसिन, रेडियोडायग्नोसिस व कैंसर सहित अन्य ओपीडी में ऑनलाइन की सुविधा होगी।
ऐसे होगा रजिस्ट्रेशन
जीएमसीएच 32 की वेबसाइट gmch.gov.in पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन सेक्शन में क्लिक करते ही ऑनलाइन ओपीडी की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसमें मरीजों को पासवर्ड भी दिया जाएगा, ताकि वे अपना लॉगिन खोलकर रजिस्ट्रेशन करवा सकें।
हाईटेक एंबुलेंस भी मिलेगी
प्रोफेसर अतुल सचदेवा के मुताबिक 30 अप्रैल को ऑनलाइन ओपीडी शुरू होने के साथ एक हाईटेक एंबुलेंस का भी उद्घाटन होगा। इस एंबुलेंस में जीवन रक्षक से संबंधित सभी उपकरण होंगे। इसमें मुख्य रूप से वेंटीलेटर, ऑक्सीजन व अन्य जरूरी उपकरण भी मौजूद रहेंगे।