चंडीगढ़। यातायात नियमों की अवहेलना करते पकड़े जाने पर अब सिर्फ ई-डिवाइस से ही चालान काटे जाएंगे। पहले कई नाकों पर पुलिस नाम, पता पूछकर चालान स्लिप भरती थी। कई चालान में लोग नकदी देकर मौके पर ही चालान का भुगतान कर देते थे, लेकिन अब सभी चालान ई-डिवाइस और टीवीआईएस के जरिए किए जाएंगे।
बता दें कि डीआईजी ओमवीर सिंह ने वीरवार को सभी थाना एसएचओ व डीएसपी को आदेश जारी किया कि वह अब मैनुअल चालान नहीं काटेंगे। उनके पास जितनी भी चालान बुक हैं, उन्हें सेक्टर-29 यातायात पुलिस लाइन में जमा करवा दें। ऑनलाइन चालान शुरू होने से अब कोई भी चालान मैनुअल नहीं होगा।
सूत्रों के अनुसार, इसका मकसद है कि पुलिसकर्मी नकदी लेने से बच सके। बता दें कि बीते पिछले साल यातायात पुलिस ने ऑन द स्पॉट चालान शुरू किया था। यातायात अवहेलना पर पकड़े जाने पर शहर के विभित्र नाका पर पुलिस ई-डिवाइस के माध्यम से चालान करती है, जबकि थाना पुलिस अभी भी मैनुअल चालान बुक के माध्यम से चालान करती थी। ऐसे में सुविधा ऑनलाइन पर होने पर आदेश जारी किया गया है। इसके अलावा चौक, लाइट प्वाइंट पर लगे कैमरे व सोशल मीडिया के माध्यम से टीवीआईएस से चालान किया जाता है।