चंडीगढ़। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) ने बुधवार को अपनी 8 सेवाओं को ऑनलाइन कर ट्रायल शुरू कर दिया है। सीएचबी के अधिकारियों के अनुसार अब प्रॉपर्टी ट्रांसफर व एनओसी के लिए लोगों को ऑफिस के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। घर बैठे ही प्रॉपर्टी ट्रांसफर के लिए आवेदन किया जा सकेगा।
ट्रायल के दौरान ऑनलाइन सिस्टम में जो भी कमियां सामने आएंगी, उन्हें दूर करने के बाद ही बोर्ड इस सिस्टम को लांच कर देगा। लांच के बाद पुराने सिस्टम को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा और ऑनलाइन ही सभी काम होंगे। जो सेवाएं ऑनलाइन की गई हैं, उनमें एनओसी फॉर ट्रांसफर-डीड ऑफ लीज राइट्स, ट्रांसफर ऑफ लीज-होल्ड प्रॉपर्टी ऑन द बेसिस रजिस्टर्ड ट्रांसफर डीड, ट्रांसफर ऑफ फ्री होल्ड प्रॉपर्टी ऑन द बेसिस ऑफ रजिस्टर्ड सेल डीड, गिफ्ड डीड, ट्रांसफर डीड, प्रॉपर्टी को गिरवी रखने की अनुमति, इश्यू ऑफ नो ड्यूज सर्टिफिकेट, इश्यू ऑफ पेमेंट सर्टिफिकेट, इश्यू ऑफ इंटरेस्ट सर्टिफिकेट और पेमेंट को फाइनल करना आदि सेवाएं शामिल हैं।
बोर्ड का दावा है कि ऑनलाइन सिस्टम होने के बाद इसमें सिटीजन चार्टर और राइट टू सर्विस एक्ट में तय समय से भी कम समय लगेगा। बोर्ड के अनुसार एनआईसी चंडीगढ़ ने इन आठ सेवाओं के लिए सर्विस प्लस मॉड्यूल में ये सुविधा दी है। ऑनलाइन सिस्टम के साथ ही पुराने फिजिकल आवेदन करने की प्रक्रिया को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
लगाई जाएगी वर्कशॉप, सीएचबी में हेल्पडेस्क भी बनेगा
सीएचबी की तरफ से ऑनलाइन सिस्टम के बारे में जानकारी देने के लिए वर्कशॉप का भी आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही हेल्प डेस्क भी स्थापित किया जाएगा, जहां पर ऑनलाइन सिस्टम के जरिए आवेदन भी दिया जा सकेगा। हेल्प डेस्क पर लोगों के सभी सवालों का जवाब दिया जाएगा और उनके संदेह दूर किए जाएंगे। हेल्प डेस्क पर डेस्कटॉप, स्कैनर, इंटरनेट कनेक्टिविटी और प्रिंटर की भी सुविधा दी जाएगी। हर सप्ताह एक अकाउंट्स ऑफिसर की ड्यूटी लगाई जाएगी, जो हेल्प डेस्क पर आने वाले सभी आवेदनों की प्रक्रिया पर नजर रखेगा। चीफ अकाउंट ऑफिसर और सेक्रेटरी सीएचबी की निगरानी में वह काम करेंगे।