भाजपा और हजकां के बीच तकरार बढ़ रही है। अब भाजपा विधायक दल के नेता अनिल विज ने हजकां अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई को लंगड़ा घोड़ा बताया है। उनके इस बयान से दोनों दलों के बीच गठबंधन कमजोर होने की दिशा में एक और कदम बढ़ गया है।
कुलदीप बिश्नोई ने मंगलवार को बयान दिया था कि स्वाभिमान की खातिर हजकां प्रदेश की सब 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ सकती है।
विज ने बुधवार को चंडीगढ़ में हरियाणा विधानसभा के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए दो कदम आगे बढ़कर पलटवार कर दिया। विज ने कहा कि भाजपा लंगड़े घोड़े पर दांव नहीं लगा सकती है। कुलदीप बिश्नोई की पार्टी न केवल दोनों लोकसभा सीटें हार गई है बल्कि वे अपनी सीट भी गंवा चुके हैं। ऐसे में भाजपा कतई लंगड़े घोड़े पर विधानसभा चुनाव में दांव नहीं लगाएगी।
मोदी की लहर और तीव्र होगी
विज ने कहा कि हरियाणा में भाजपा को 34.8 फीसदी वोट मिले हैं और 90 में 52 सीटों पर जीत हासिल की है।
यह जीत ऐतिहासिक है और नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री के बनने के बाद नरेंद्र मोदी की लहर और तीव्र होगी। विज ने कहा कि भाजपा के कई नेताओं ने भी भाजपा-हजकां गठबंधन पर अलग-अलग बयान दिए हैं। कुछ ने कहा है कि भाजपा को अकेले चुनाव लड़ना चाहिए तो कुछ ने कहा है कि गठबंधन पर पुनर्विचार होना चाहिए।
विज ने कहा कि सबसे पहले भाजपा के प्रादेशिक नेता अपनी एक राय बनाएंगे। उसके बाद केंद्रीय नेतृत्व से उस पर मोहर लगाएंगे। केंद्र से मोहर लगने के बाद कुलदीप बिश्नोई से बात करेंगे। उससे पहले बिश्नोई चाहे 90 सीटंों पर चुनाव लड़ने का ऐलान करें चाहे न करें।
बिश्नोई चुनाव हार गए हैं
विज ने कहा कि गठबंधन के अनुसार पहले ढाई साल का कार्यकाल कुलदीप बिश्नोई के पास रहना था और बाद के ढाई साल का कार्यकाल भाजपा के पास रहना था।
मगर बिश्नोई चुनाव हार गए हैं इसलिए भाजपा उनके नेतृत्व में विधानसभा चुनाव कतई नहीं लड़ना चाहेगी। यह पूछने पर कि क्या भाजपा को हरियाणा में अकेले चुनाव लड़ना चाहिए तो विज ने कहा कि वे अपनी राय पार्टी के शीर्षस्थ नेतृत्व के आगे रखेंगे।
मगर यह जरूर है कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश से कांग्रेस मुक्त भारत करने का जो नारा चला था, उसमें हरियाणा भी आता है। मोदी को राज्यसभा में भी पूरा बहुमत मिल सके इसलिए राज्यों की विधानसभाओं से भी कांग्रेस को मुक्त करना है।
विज उकसा रहे हैं : हजकां
हजकां युवा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने बयान जारी कहा कि अनिल विज बयानबाजी कर कुलदीप बिश्नोई को उकसा रहे हैं। वे ऐसे बयान देकर गठबंधन की विश्वसीयनता पर प्रश्न चिन्ह लगाने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा ऐसे नेताओं के बयान पर लगाम लगाए।