सिटी ब्यूटीफुल के 11 बड़े भवनों का प्रापर्टी टैक्स जमा नहीं कराने पर नगर निगम चंडीगढ़ ने उन्हें सील करने का नोटिस भेजा है। इन भवनों में केसी मॉल, लायंस क्लब कॉम सेंटर, सत्यनारायण मंदिर धर्मशाला, एमसीएम डीएवी कॉलेज, शिशु निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल समेत कई नामी संस्थान हैं। नोटिस से इन संस्थानों के पदाधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। सभी को 19 जुलाई तक प्रापर्टी टैक्स की राशि जमा कराने को कहा गया है।
यदि निर्धारित समय के भीतर राशि नहीं जमा कराई गई तो 20 जुलाई से इन सभी इमारतों को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि इससे पहले इन इमारतों के संबंधित पदाधिकारियों को कई बार नोटिस भेजा जा चुका है लेकिन इस पर किसी ने अमल नहीं किया है। अब सीलिंग का नोटिस भेजा गया है। निगम के मुताबिक इन सभी 11 इमारतों पर करीब एक करोड़ 87 लाख की राशि बकाया है।
ये हैं वो 11 इमारतें जिन्हें भेजा गया है नोटिस
प्रापर्टी सेक्टर बकाया राशि
लायंस क्लब कॉम सेंटर 18 522491
केसी मॉल 17 542592
सत्यनारायण मंदिर धर्मशाला 22 2051342
मोहेलाल भवन 24 667510
एमसीएम डीएवी कॉलेज 36 5624794
चंडीगढ़ रीजलन चैप्टर ऑफ टाउन प्लानिंग 35 755975
जीजीडीएसडी कॉलेज सोसाइटी 32 1657120
नामदेव भवन 21 692010
शिशु निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल 22 1480135
गुरु गोबिंद सिंह भवन 15 2518800
शिशु निकेतन पब्लिक स्कूल 43 2190323
नगर निगम ने पहले फेज में शहर के 11 प्रापर्टी टैक्स के डिफाल्टरों का प्रापर्टी अटैच करने का आदेश दिया है। प्रापर्टी टैक्स ब्रांच के संबंधित अधिकारियों को प्रापर्टी टैक्स के सभी डिफाल्टों के केस को अटैचमेंट और सीलिंग के लिए मूव करने को कहा है।
-केके यादव, कमिश्नर, नगर निगम चंडीगढ़
यह हमारा पर्सनल इश्यू है। इसे हम देख रहे हैं। जो भी नोटिस है उसका जवाब देंगे।
-निशा भार्गव, एमसीएम डीएवी कॉलेज सेक्टर-36
हमारा टैक्स जमा है। हमें जो नोटिस इश्यू किया गया है, हमने नगर निगम को जवाब भेज दिया है।
-प्रोफेसर भूषण कुमार शर्मा, प्रिंसिपल, जीजीडी एसडी कॉलेज सोसायटी, सेक्टर-32
नोटिस मिला है। हिंदू पर्व महासभा के पदाधिकारियों के साथ बात कर आगे की रणनीति तय करेंगे। हमारा कामर्शियल पर्पज नहीं है। धार्मिक स्थान पर प्रापर्टी टैक्स नहीं लगना चाहिए। यह पब्लिक का मंदिर है।
-गिरधारी लाल मित्तल, प्रधान, सत्यनारायण मंदिर, सेक्टर-22