नगर निगम ने संपत्ति कर न जमा करने पर होटल जेम्स प्लाजा को 92 लाख 85 हजार रुपये का नोटिस भेजा था। इसके अलावा सेक्टर-17 स्थित जगत थियेटर को 59 लाख 92 हजार रुपये का नोटिस भेजा था। थियेटर संचालक ने 16 लाख रुपये जमा करा दिए थे। उसके बाद निगम ने संशोधित नोटिस 42 लाख का जारी किया है।
प्रशासन को भी भेजा है 10 करोड़ 23 लाख का नोटिस
इससे पहले निगम ने प्रशासन को दस करोड़ 23 लाख रुपये का नोटिस जारी किया था। नगर निगम ने प्रशासन की 150 से ज्यादा सरकारी इमारतों को चिह्नित किया है। इसके साथ रोड विंग व बिजली विभाग को नोटिस जारी कर दिया है। वहीं, निगम ने बिजली विभाग को 35 लाख रुपये का नोटिस भेजा है।
2020-21 के लिए रखा है 54 करोड़ का लक्ष्य
नगर निगम हर साल व्यवसायिक और आवासीय कर से 50 करोड़ से ज्यादा की कमाई करता है। साल 2020-21 सत्र के लिए नगर निगम ने इससे 54 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा है। निगम के अधिकारियों ने बताया कि अगस्त माह में सेल्फ असेसमेंट स्कीम का लाभ शहर के लोगों को दिया था। इसलिए अब निजी भवन व दुकानों को भी नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
अब टैक्स जमा करवाने पर ब्याज के अलावा जुर्माना भी लग रहा है। पिछले साल भी नगर निगम ने प्रशासन की कुल 214 इमारतों को नोटिस भेजा था, जिनसे 44 करोड़ रुपये की वसूली करनी थी। नगर निगम को इससे काफी रेवेन्यू मिला था।
नोटिस भेजने के बावजूद संपत्ति कर न भरने वाले लोगों को अब अंतिम नोटिस जारी किया गया है। उसके बाद पानी कनेक्शन काटा जाएगा। - अनिल गर्ग, अतिरिक्त आयुक्त