चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट सेंटर पर दुकानदारों ने शुक्रवार को ‘नो मास्क नो ऑर्डर’ के नोटिस लगा दिए। इसके साथ ही सामाजिक दूरी बनाए रखने के भी पोस्टर लगाए हैं। दुकानदारों ने शहर में कोरोना के बढ़ते केसों को देखते हुए लोगों की सुरक्षा के लिए ये कदम उठाए हैं। यहां टेबलों पर सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई है। पहले दिन ऑर्डर देते वक्त जिन ग्राहकों ने मास्क नहीं पहना था दुकानदारों ने जागरूक करते हुए उन्हें मास्क दिया। दुकानदारों ने फैसला किया है कि शनिवार से बिना मास्क पहने आने वाले ग्राहकों का ऑर्डर नहीं लिया जाएगा।
स्टूडेंट सेंटर के दुकानदार रमन ने बताया कि वैसे अधिकतर लोग मास्क पहनकर रखते हैं, फिर भी लोगों की सुरक्षा को देखते हुए स्टूडेंट सेंटर की टीम की ओर से जागरूकता पोस्टर लगाए गए हैं। इसके साथ ही टीम के लोगों की ओर से सामाजिक दूरी बनवाई जा रही है। डेढ़ वर्ष के बाद कुछ समय पहले ही पीयू के निर्देशों पर स्टूडेंट सेंटर की दुकानें खुली हैं। हालांकि शुक्रवार को स्टूडेंट सेंटर पर लोगों ने सामाजिक दूरी बनाकर रखी थी। भीड़भाड़ नहीं देखी गई।