चंडीगढ़। चंडीगढ़ एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग ने बकाया टैक्स की वसूली के लिए एक बार फिर व्यापारियों को नोटिस जारी किए हैं। विभाग ने जीएसटी लागू होने से पहले के वैट बकाए को लेकर यह कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि करीब 1500 करोड़ रुपये के बकाए टैक्स का मामला अब भी विभाग की फाइलों में अटका हुआ है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार टैक्स सेटलमेंट न हो पाने के कारण यह रकम व्यापारियों के खातों में देय राशि और विभाग के खातों में लेनदारी के रूप में दर्ज है। अब विभाग ने बकाया टैक्स की वसूली के लिए संबंधित व्यापारियों को नोटिस भेजकर भुगतान करने को कहा है। इस मुद्दे पर हाल ही में चंडीगढ़ व्यापार मंडल और उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक भी हुई थी लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। अब व्यापारी संगठन अपने स्तर पर बैठक कर इस मामले का हल निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
शहर में करीब दो हजार व्यापारियों पर टैक्स की देनदारी है। इनमें से कई को 10 लाख से 50 लाख रुपये तक और कुछ को करोड़ों रुपये तक के टैक्स डिमांड नोटिस भेजे गए हैं। व्यापारियों का कहना है कि वास्तविक बकाया राशि इन आंकड़ों से काफी कम है, ऐसे में विभाग को पहले पुराने मामलों की दोबारा जांच करनी चाहिए।