चंडीगढ़। दिवाली के दिन अगर शहर के किसी हिस्से में बिजली चली गई तो आएगी नहीं, क्योंकि मांगें नहीं माने जाने के विरोध में शहर के बिजली कर्मचारियों ने दीपावली पर सामूहिक अवकाश का ऐलान कर दिया है। इस संबंध में वीरवार को सेक्टर-40 के बिजली कार्यालय के बाहर यूटी पावर मैन यूनियन की रैली हुई।रैली में यूनियन के नेताओं ने प्रशासन की ओर से प्रमोशन की पोस्ट भरने की बार-बार मांग करने के बावजूद गलत तथ्य पेश कर पोस्ट न भरने की निंदा की। यूनियन के महासचिव गोपाल दत्त जोशी ने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारी गलत तथ्य पेश कर प्रमोशन की पोस्टों को भरने में आनाकानी कर रहे हैं। इन पोस्टों पर पिछले 30-35 साल से कर्मचारी प्रमोशन का इंतजार कर रहे हैं लेकिन कर्मचारियों की प्रमोशन करने के बजाय इन पोस्टों पर सेवानिवृत्त कर्मचारी रखे जा रहे हैं। यह कर्मचारियों के साथ नाइंसाफी है।
रैली को यूनियन के वरिष्ठ उप प्रधान अमरीक सिंह, उप प्रधान गुरमीत सिंह, सुखविंदर सिंह ने भी संबोधित किया। यूनियन के प्रधान ध्यान सिंह ने प्रशासक के सलाहकार को इस मामले में शीघ्र दखल देने की बात की है।