केंद्र सरकार की नोटबंदी के फैसले के चलते मुश्किलों से जूझ रहे लोगों की समस्याएं वीरवार से और बढ़ने वाली हैं। एक दिसंबर को सरकारी और गैर सरकारी मुलाजिमों का वेतन आएगा, लेकिन उन्हें कैश मिल पाएगा या नहीं, यह पता नहीं।
कैश की सप्लाई, डिमांड के मुकाबले बहुत कम चल रही है। सभी राष्ट्रीयकृत और निजी बैंकों में कैश की किल्लत है। बुधवार को भी सभी जगह ग्राहकों की लाइनें लगी रहीं। अब बैंक अधिकारी इस चिंता में हैं कि वीरवार को लोगों का वेतन आएगा तो क्या होगा। कैश की सप्लाई बढ़ने के संबंध में कोई जानकारी नहीं है। ऐसे में बैंक लोगों को ज्यादा कैश दे सकेंगे, यह मुश्किल ही नजर आ रहा है।
सरकार ने एक हफ्ते में 24 हजार रुपये विदड्रॉल की सीमा तय की है, लेकिन किसी भी बैंक में ग्राहकों को इतना कैश नहीं दिया जा रहा है। एचडीएफसी के मोहाली फेज 11 और चंडीगढ़ सेक्टर 47 स्थित ब्रांचों में किसी भी ग्राहक को ज्यादा कैश नहीं दिया गया।