पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मंगलवार को नामांकन संबंधी अधिसूचना जारी होने के साथ ही चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई। पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. एस करुणा राजू ने बताया कि एनकोर सॉफ्टवेयर पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, पहले दिन शाम छह बजे तक राज्य में सिर्फ 12 नामांकन दाखिल किए गए हैं। लुधियाना में अकाली नेता मनप्रीत अयाली ने दाखा से सबसे पहले नामांकन भरा। फिरोजपुर जिले में पहले दिन किसी सियासी पार्टी के प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया है।
फरीदकोट में विधानसभा चुनाव को लेकर नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया के पहले दिन कांग्रेस उम्मीदवार व मौजूदा विधायक कुशलदीप सिंह किक्की ढिल्लों ने अपने नामांकन दाखिल किए। उनकी धर्मपत्नी अमनजोत कौर ढिल्लों ने कवरिंग उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र भरा। पहले दिन फरीदकोट क्षेत्र से ही उक्त दो नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जबकि बाकी दोनों क्षेत्रों कोटकपूरा व जैतों क्षेत्र से कोई भी दावेदार सामने नहीं आया।
श्री आनंदपुर साहिब से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी हरजोत सिंह बैंस ने मंगलवार नामांकन पत्र दाखिल किया। इससे पहले हरजोत बैंस खालसे की जन्म भूमि श्री आनंदपुर साहिब में स्थित तख्त श्री केसगढ़ साहिब में नतमस्तक भी हुए। इस दौरान पत्रकारों से बात करते हरजोत बैंस ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र श्री आनंदपुर साहिब के मतदाताओं का भरपूर समर्थन उन्हें मिल रहा है और वह भारी मतों से जीतकर विधानसभा क्षेत्र श्री आनंदपुर साहिब की जनता की सेवा बिना किसी भेदभाव से करेंगे।
भारतीय निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुसार, रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में नामांकन पत्र दाखिल करते समय उम्मीदवार के साथ दो व्यक्ति ही जा सकेंगे। पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. एस. करुणा राजू ने बताया कि भारतीय निर्वाचन आयोग की तरफ से पहले से जारी हिदायतों में संशोधन करते हुए नामांकन पत्र दाखिल करते समय साथ जाने वाले व्यक्तियों की संख्या पांच से घटा कर दो कर दी गई है। इसके साथ ही नामांकन पत्र दाखिल करते समय जाने के लिए पहले से तीन गाड़ियों की संख्या को घटा कर दो कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि उम्मीदवार के लिए नामांकन पत्र सीईओ/डीईओ की वेबसाइट पर भी उपलब्ध करवाया गया है, जिसे उम्मीदवार ऑनलाइन भरने के बाद प्रिंट एफिडेविट जो कि नोटरी द्वारा तस्दीकशुदा एफिडेविट के साथ नत्थी करके जमा करवा सकते हैं। डा. राजू ने बताया कि रिटर्निंग अफसर नामांकन पत्र जमा करवाने वाले उम्मीदवारों को बुलाकर भी नामांकन पत्र हासिल कर सकते हैं जिससे एक समय पर ही भीड़ जमा न हो सके। उम्मीदवार जमानत राशि ऑनलाइन विधि द्वारा जमा करवा सकता है। इसके अलावा खजाने में जमानत राशि जमा करवाने की सुविधा भी उपलब्ध है।
पंजाब में नामांकन भरने के लिए उम्मीदवारों को केवल छह दिन मिलेंगे। नामाकंन की प्रक्रिया 25 जनवरी से शुरू होकर एक फरवरी तक जारी रहेगी। लेकिन इस दौरान 26 और 30 जनवरी को सरकारी छुट्टी होने के कारण नामांकन नहीं भरे जाएंगे। नामांकन सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक भरे जाएंगे। नामांकन पत्रों की पड़ताल 2 फरवरी को होगी। 4 फरवरी तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। 20 फरवरी सुबह 8 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतगणना 10 मार्च को होगी।