केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर
- फोटो : फाइल फोटो
केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य किसानों की आय को दोगुना करना है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हाल ही में सरकार ने जो तीन अध्यादेश लाए हैं, उनमें फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को समाप्त करने का कोई प्रावधान नहीं है। उन्होंने कहा कि एमएसपी जैसे आज जारी है, ठीक वैसे ही आगे भी जारी रहेगी।
केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि अनाज बाजार हमेशा की तरह काम करेगा और सरकार किसानों के हर अनाज को बाजारों से खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस पर पंजाब में किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इन अध्यादेशों ने किसानों को उनकी मनमर्जी की दरों पर अपनी उपज बेचने का अधिकार दिया है और आगे वे अपने खेतों से सीधे अपनी उपज बेच सकते हैं।
यह भी पढ़ें- 24 साल के लांसनायक सलीम खान लद्दाख में शहीद, फोन पर आखिरी बार मां से कही थी ये बात
उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या यह किसानों को ऐसे अधिकार देने के खिलाफ है। उन्होंने खुलासा किया कि किसान कुछ कठिनाइयों के कारण अंतरराष्ट्रीय व्यापार करने में सक्षम नहीं थे और व्यापारी वैश्विक बाजारों के माध्यम से किसानों की उपज को बेचकर धन कमा रहे थे। तीन अध्यादेशों को सबसे बड़ा सुधार बताते हुए मंत्री ने कहा कि किसानों की उपज को बाजारों के बाहर बेचने पर कोई कर नहीं लगेगा, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि एक निजी व्यवसायी फसल के एमएसपी से अधिक के किसानों के साथ अनुबंध कर सकता है। उन्होंने इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे एक व्यापक आउटरीच कार्यक्रम चलाकर दिसंबर तक किसान क्रेडिट सुविधा के लिए पंजाब के प्रत्येक किसान का नामांकन करें।
उन्होंने किसानों से अपनी उपज के बेहतरीन मूल्य प्राप्त करने के लिए किसान उत्पादक संगठनों के सक्रिय भागीदार बनने की भी अपील की। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने भी वर्चुअल रैली को संबोधित किया। इस वर्चुअल रैली में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना, तरुण चुघ, गुरदासपुर के सांसद सनी देओल, जीवन गुप्ता, डॉ. सुभाष शर्मा, मलविंदर सिंह कंग भी उपस्थित मौजूद रहे।