वर्ल्ड हेरिटेज कैपिटल कॉम्प्लेक्स में अब गाड़ियां पार्क नहीं होंगी। मामले को लेकर चंडीगढ़ प्रशासन ने सख्त फरमान सुनाया है। दरअसल, कॉम्प्लेक्स में बहुत जल्द पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के जजों की गाड़ियां भी पार्क नहीं हो सकेंगी। जजों के लिए हाईकोर्ट की लाइब्रेरी वाली साइड पर नई पार्किंग बनाई जाएगी।
हाईकोर्ट के जजों के वाहनों की पार्किंग के लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है।
प्रशासन के इस प्रस्ताव पर हाईकोर्ट ने भी अपनी सहमति जता दी है। आर्किटेक्चर डिपार्टमेंट इसका पूरा प्रस्ताव पहले ही हाईकोर्ट के पास जमा करवा चुका है। इसके बाद कैपिटल कॉम्प्लेक्स के प्लाजा में गाड़ियां दिखाई नहीं देंगी। किसी जज की गाड़ी आएगी भी तो वह हाईकोर्ट के दूसरी तरफ बनी पार्किंग में खड़ी की जाएगी। कैपिटल कॉम्प्लेक्स में टूरिस्ट को घूमने में कोई परेशानी न हो इस लिए प्रशासन ने यह फैसला लिया है।
वर्ल्ड हेरिटेज बनने के बाद कॉम्प्लेक्स में टूरिस्ट की संख्या भी बढ़ गई है। कैपिटल कॉम्प्लेक्स में घूमने केलिए पैडेस्ट्रन पथ ही बनाया जाएगा। इस पथ पर लाइटें भी लगेंगी। टूरिस्ट इंफोर्मेशन सेंटर से पास बनने के लिए वह ब्रिज के ऊपर से होते हुए कॉम्प्लेक्स में एंट्री कर सकेंगे। फिलहाल जजों की गाड़ियां हाईकोर्ट के पौंड के पास ही पार्क होती हैं। कॉम्प्लेक्स में गाड़ियों का आना-जाना लगा रहता है।
प्रशासन कॉम्प्लेक्स में गाड़ियों की आवाजाही पर रोक लगाना चाहता है। यह एरिया भी विधानसभा की तरह ही क्लीन रहेगा। विधानसभा पौंड के पास कोई भी गाड़ी पार्क नहीं होती। सभी गाड़ियां पंजाब एंड हरियाणा सेक्रेटेरिएट की ओर ही पार्क होती हैं।
ओपन हैंड मॉन्यूमेंट के पास भी गाड़ियां नहीं होंगी पार्क
ब्रिज के नीचे से होकर जो वाहन ओपन हैंड मॉन्यूमेंट के पास पार्क होते हैं, उन पर भी पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। बैरिकेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी अब यहां किसी की गाड़ी पार्क नहीं होने देते। पहले ओपन हैंड मॉन्यूमेंट तक गाड़ियां पहुंच जाती थी।