फिल्म पद्मावत को लेकर चल रहे विवाद का असर गणतंत्र दिवस पर होने वाले सरकारी कार्यक्रमों पर भी पड़ा है। प्रशासन ने गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में पद्मावत के किसी भी गाने को शामिल नहीं करने की हिदायत स्कूलों को दी है।
यही कारण है कि पद्मावत के गाने घूमर पर नृत्य करके गणतंत्र दिवस के सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए जगह पक्की कर चुकी एक स्कूल की टीम पर रोक लगा दी गई है। साथ ही कहा गया है कि जिस फिल्म को लेकर विवाद चल रहा हो और सरकार रोक लगा चुकी हो, उस फिल्म से जुड़ा कोई भी गाना या डायलॉग गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में शामिल नहीं होना चाहिए। इस आदेश के बाद स्कूली बच्चों की गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए एक सप्ताह तक की गई प्रैक्टिस बेकार चली गई।
प्रशासन के आदेश का पता तब चला जब फिल्म पद्मावत के गाने ‘घूमर’ पर नृत्य करने की तैयारी कर रहे ब्राइट स्कॉलर स्कूल के बच्चों पर कार्यक्रम में शामिल होने पर रोक लगा दी गई। ब्राइट स्कॉलर के 30 से ज्यादा बच्चों की टीम लगभग एक सप्ताह से सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए इस गाने पर नृत्य की प्रैक्टिस कर रही थी। उनको सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए चयन करने वाली टीम ने चुन लिया था, लेकिन यह जानकारी उच्च अधिकारियों के पास पहुंची तो पद्मावत पर विवाद होने के कारण स्कूल प्रबंधन को गाने पर नृत्य नहीं कराने का फरमान जारी कर दिया। साथ ही अन्य स्कूलों को भी यह निर्देश देने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आदेश दिया गया कि कोई भी अपने कार्यक्रम में फिल्म पद्मावत का गाना या उससे जुड़ी कोई भी सामग्री शामिल नहीं करेगा।