चंडीगढ़ में रात तक खुला शराब का ठेका।
- फोटो : संवाद
पंजाब हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ और साथ लगते शहर पंचकूला में ब्लैक आउट नहीं है। लोग अपने स्वेच्छा से रात में घर की लाइट बंद रख सकते हैं। प्रशासन की तरफ से ब्लैकआउट के निर्देश नहीं हैं। सरकार की नए निर्देशों के अनुसार अब ब्लैकआउट की कोई आवश्यकता नहीं है। रेड अलर्ट का सायरन बजाने पर और प्रशासन के आदेश होने पर अब लाइट्स बंद करने की कोई जरूरत नहीं है। बावजूद सभी लोग अपने घर, दुकान अथवा रेस्टोरेंट या होटल जहां कहीं भी हो अंदर ही रहे और बाहर न निकले।
इसके अलावा जो लोग सड़कों में पैदल या किसी वाहन पर हो उन्हें भी लाइट बंद करने की कोई आवश्यकता नहीं है लेकिन वह सायरन बजने पर किसी मकान, दुकान, रेस्टोरेंट, होटल अथवा किसी भी इमारत में अंदर चले जाएं।
रात 11 बजे चंडीगढ़ के मुख्य मार्गों की ज्यादातर लाइट अब ऑन कर दी गई हैं। सूत्रों का कहना है कि शाम 7:00 बजे लाइट इसलिए बंद की गई थी, जिससे कि जल्द से जल्द लोग अपने घरों में चले जाएं। जब पूरी तरह से लोग अपने-अपने घरों में शिफ्ट हो गए तो लाइट ऑन कर दी गई । अगर इमरजेंसी में किसी को निकालना हुआ तो सड़कों पर अंधेरा रहने से हादसे का खतरा हो सकता है। ऐसे में एतिहातन मुख्य मार्गों की लाइट ऑन कर दी गई हैं।
हालांकि इससे पहले शुक्रवार शाम सात बजते ही चंडीगढ़ के बाजार बंद हो गए थे। सेक्टर-17 की शोरूम मार्केट की सभी दुकानों बंद कर दी गई थी। वहीं, साथ लगते शहर पंचकूला में भी दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर बंद कर दिए हैं। कुछ जगहों पर जहां दुकानों बंद नहीं की गई थी वहां पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और दुकानों को बंद करवाया था।