पावरकॉम ने लंबे समय से बिजली के बिलों का भुगतान न करने वाले बिल्डरों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में हलका विधायक एनके शर्मा की दो कंपनी का नाम भी शामिल है।
सूबे में विधानसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू होने के बाद पावरकॉम द्वारा सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थाओं द्वारा बिलों की अदायगी न करने वालों के खिलाफ मुहिम शुरू की गई है। इस क्रम में जीरकपुर डिवीजन द्वारा कुछ दिन पहले बिल का भुगतान न होने पर तीन गांवों में छह ट्यूबवेल कनेक्शन काट दिया गया था। जबकि जीरकपुर पुलिस स्टेशन व ढकोली पुलिस चौकी का कनेक्शन काटने के लिए उच्चाधिकारियों से अभी मंजूरी का इंतजार है।
पावरकॉम से मिली जानकारी के मुताबिक, सरकारी विभागों के कनेक्शन काटने के बाद अधिकारियों ने बिल्डरों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। विभाग ने बिलों का भुगतान न करने वाले नामी बिल्डरों की सूची सार्वजनिक करते हुए कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर लगा दिया है। 3 मार्च को जारी सूची में उपभोक्ता को अगले सात दिन के अंदर बिल का भुगतान करने का अल्टीमेटम दिया गया है।
7 दिन में अदायगी न करने पर कनेक्शन काटने का दिया अल्मीमेटम
- फोटो : File Photo
एनके शर्मा इंटरप्राइजेज पर एक लाख और वीएन शर्मा पर साढ़े 36 लाख बिल बकाया
पावरकॉम द्वारा सार्वजनिक की गई सूची में हलका विधायक एनके शर्मा की दो कंपनी के नाम शामिल हैं। सूची के अनुसार, एनके शर्मा इंटरप्राइजेज (सावित्री ग्रीन-2 गाजीपुर) पर एक लाख 62 हजार 583 की राशि बकाया है। जबकि उनके पिता वीएन शर्मा केयर ऑफ सावित्री पर 36 लाख 52 हजार 590 रुपये का बकाया है। इसी तरह, आस्था इंटरप्राइजेज (पभात) पर 11 लाख 69 हजार 110 रुपये, गोल्डन स्क्वेयर पर सात लाख 82 हजार 360 रुपये, वृंदावन गार्र्डंस पर तीन लाख 49 हजार 380 रुपये शामिल हैं।
उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार बिल का भुगतान न करने वाले बिल्डरों के नामों की सूची को सार्वजनिक किया गया है। सूची में एनके शर्मा की दो कंपनियों पर भी लाखों रुपये का बकाया है। उपभोक्ताओं को अगले सात दिन में बकाया बिलों की अदायगी करने के लिए अल्टीमेटम दिया गया है।
- इंद्रप्रीत सिंह, एसडीओ, डिवीजन जीरकपुर, पीएसपीसीएल।