बैठक के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए नीति आयोग के उपाध्यक्ष बेरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस वर्ष 15 अगस्त को देशवासियों का मार्गदर्शन करते हुए वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य दिया है। देश के प्रत्येक राज्य को आगे बढ़ने की योजना तैयार करनी होगी। इस विषय में आज हरियाणा राज्य की नीतियों व कार्यक्रमों का विश्लेषण करने पर पाया गया कि हरियाणा इस दिशा में काफी आगे है। उन्होंने कहा कि अगर भारत विकसित देश बनेगा तो हरियाणा भी विकास के मामले में और ऊपर जाएगा। हरियाणा जहां पहुंचना चाहता है, वह विकसित देशों से प्रेरणा ले सकता है और इस यात्रा में नीति आयोग हरियाणा की पूरी सहायता करेगा।
बेरी ने कहा कि एक अर्थशास्त्र के विशेषज्ञ होने के नाते वे दिल्ली और एनसीआर में पड़ने वाले राज्यों का विश्लेषण करते रहे हैं और उसमें पाया है कि हरियाणा में काफी तरक्की की है। हरियाणा आर्थिक रूप से संतुलित है, जिसका मतलब है कि यहां कृषि भी है, उद्योग भी और आईटी भी है। हरियाणा में रोजगार की ज्यादा समस्या नहीं है। धीरे-धीरे हमें सर्विस इकॉनोमी की तरफ बढ़ना होगा, लॉजिस्टिक के मुद्दे पर भी अधिक काम करना होगा।
नीति आयोग से मिलता है मार्गदर्शन: मनोहर
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि नीति आयोग देश का और सभी राज्यों का आगे बढ़ने में मार्गदर्शन करता है। आयोग द्वारा राज्यों को दायित्व देने के साथ राज्य में लागू की जा रही नीतियों व कार्यक्रमों का विश्लेषण किया जाता है। इसी कड़ी में नीति आयोग के उपाध्यक्ष बेरी अपनी टीम के साथ हरियाणा की प्रगति का जायजा लेने आए थे। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अध्यक्षता में नीति आयोग के रोडमैप को समझा और हरियाणा सरकार के कार्यों का विवरण नीति आयोग के सामने रखा है।