चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में बुधवार को उत्तर प्रदेश की नौ विभिन्न यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलरों ने दौरा किया। उनके साथ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के अतिरिक्त मुख्य सचिव महेश कुमार गुप्ता और ओएसडी राज्यपाल (शिक्षा) पंकज जानी भी उपस्थित रहे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य साझेदारी को मजबूत करना, नए सहयोग बनाना और पंजाब यूनिवर्सिटी की विभिन्न सर्वोत्तम कार्यों से सीखना था।
पंजाब यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. राजकुमार ने वाइस चासंलर लखनऊ यूनिवर्सिटी के प्रो. अलोक राय, छत्रपत्ति शाहू जी महाराज यूनिवर्सिटी कानपुर के प्रो. विनय पाठक, सिद्धार्थ यूनिवर्सिटी कपिलवस्तु के प्रो. हरि बहादुर श्रीवास्तव, बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी झांसी प्रो. मुकेश पांडे, चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी मेरठ की प्रो. संगीता शुक्ला, ख्वाजा मुइनुद्दीन चिश्ती लैंग्वेज यूनिवर्सिटी लखनऊ के प्रो. एनबी सिंह, प्रो. दीन दयाल उपाध्याय यूनिवर्सिटी गोरखपुर के प्रो. राजेश सिंह, रज्जू भैया यूनिवर्सिटी प्रयागराज के प्रो. अखिलेश कुमार सिंह, एमजेपी रुहेलखंड यूनिवर्सिटी बरेली के प्रो. केपी सिंह का स्वागत किया और भविष्य में उत्तर प्रदेश के शैक्षणिक संस्थानों को पूरे सहयोग के लिए आश्वस्त किया।
पीयू के इंफ्रास्ट्रक्चर पर दी प्रस्तुति
डीन रिसर्च प्रो. सुधीर कुमार ने युवा कल्याण, खेल सुविधाएं, नेतृत्व और सामाजिक आउटरीच, एलुमनी रिलेशन, पुस्तकालय और संग्रहालय, स्टार्टअप और ऊष्मायन केंद्र, ग्रीन कैंपस, छात्रावास प्रबंधन, शिक्षा और अनुसंधान आदि की प्रस्तुति दी। प्रो. मनु शर्मा ने औद्योगिक और शैक्षणिक साझेदारी के बारे में बताया। प्रो. सुखविंदर ने प्रभावी और कुशल नेटवर्किंग के लिए सॉफ्टवेयर प्रौद्योगिकी, खेल निदेशक प्रो. प्रशांत गौतम ने परिसर में खिलाड़ियों को प्रदान की जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। डीयूआई प्रो. रेणु विग ने शैक्षणिक गतिविधियों और अकादमिक उपलब्धियों व रजिस्ट्रार प्रो. वाईपी वर्मा ने पीयू के हरित और स्वच्छ परिसर के लिए सौर पैनल, ई रिक्शा, ई साइकिलों, वर्षा जल संचयन, बायोगैस संयत्र आदि उपयोग के बारे में बताया।
डेलीगेशन ने छात्रों के स्टार्टअप को सराहा और शूटिंग रेंज का किया दौरा
डेलीगेशन ने वीसी दफ्तर के बाद शूटिंग रेंज का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से बातचीत की। इसके बाद लड़कों के छात्रावास-7 की मॉड्युलर किचन, फाइन आर्ट्स म्यूजियम, गांधी भवन का निरीक्षण किया। इसके बाद सैफ/सीआईएल लैब में यूआईसीईटी, यूआईएफटी, इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेसिंक साइंस एंड क्रिमिनोलॉजी और यूआईईटी के छात्रों की ओर से किए गए स्टार्ट अप स्टॉल का दौरा कर युवाओं के प्रयासों की सराहना की। अंत में जूलॉजी संग्रहालय, बायोनेस्ट और डिपार्टमेंट ऑफ माइक्रोबियल बायो टेक्नोलॉजी-25, एलुमनी हाउस आदि का दौरा किया।
आज राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का पीयू का दौरा
पीयू में वीरवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सीआईएल लैब में एक उद्घाटन समारोह में शिरकत करेंगी। इसके लिए वे बुधवार को ही चंडीगढ़ पहुंच गई थीं। बुधवार शाम को सांसद किरण खेर ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की। जानकारी के अनुसार राज्यपाल वीरवार को सुबह 9 बजे पीयू का दौरा करेंगी। पीयू में उनका लगभग आधे घंटे का कार्यक्रम है।