हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सुरक्षा में चूक मामले में पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता को रिपोर्ट सौंप दी है। रिपोर्ट में घटना के लिए आईपीएस अधिकारी पंकज नैन समेत 9 अफसरों व कर्मचारियों को जिम्मेदार ठहराया गया है।
डीजीपी ने स्पीकर को रिपोर्ट सौंपते हुए इनके खिलाफ शीघ्र अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात कही है। इनमें से 8 अधिकारियों, कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है। स्पीकर कार्रवाई और रिपोर्ट से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं और उन्होंने डीजीपी से विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। डीजीपी ने 18 जून को विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट पेश का करने का आश्वासन दिया है।
स्पीकर ने मंगलवार को विधानसभा में प्रेस वार्ता कर रिपोर्ट मिलने की जानकारी दी। बताया कि पुलिस विभाग ने हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के लिए जारी विस्तृत सुरक्षा कार्यक्रम के साथ ही पार्किंग और आसपास के क्षेत्र में तैनात कर्मियों का विवरण भी तैयार कर लिया है। नौ कर्मचारियों और अधिकारियों को इसके लिए जिम्मेदार माना गया है। दोषी अधिकारियों की ओर से लिखित जवाब मिलने और विश्लेषण के बाद उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।