मनीमाजरा। गर्मी के मौसम से पहले मनीमाजरा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को सुचारू और निर्बाध बनाए रखने के लिए बिजली विभाग ने नौ नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए हैं। इन ट्रांसफार्मरों के लगने से क्षेत्र में बिजली लोड को संतुलित करने के साथ-साथ उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार चालू माह के दौरान मॉडर्न हाउसिंग कांप्लेक्स में पांच नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। इसके अलावा किशनगढ़ क्षेत्र में तीन और माड़ीवाला कस्बे में एक ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। विभाग का कहना है कि इन ट्रांसफार्मरों के शुरू होने से बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी और बार-बार होने वाली बिजली कटौती की समस्या से भी राहत मिलेगी।
यह सभी कार्य एक्सईएन बलबीर सिंह और एसडीओ मनीमाजरा अमित ढिंगरा के नेतृत्व में पूरे किए गए। विभागीय टीम ने समय रहते व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए यह कदम उठाया है, ताकि आने वाले दिनों में बिजली आपूर्ति में किसी तरह की दिक्कत न आए। अधिकारियों ने बताया कि गर्मी के मौसम में बिजली की खपत बढ़ जाती है। ऐसे में पहले से ही ट्रांसफार्मरों की संख्या बढ़ाकर और नेटवर्क को मजबूत करके व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है।
विभाग का लक्ष्य है कि उपभोक्ताओं को बिना रुकावट के बिजली मिलती रहे और ओवरलोडिंग की समस्या भी कम हो। स्थानीय निवासियों रामेश्वर गिरि, ऑल मनीमाजरा वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान एसएस परवाना, उपप्रधान, रामभज शर्मा, सुभाष धीमान, राजवीर सिंह भारतीय, रविकांत व्यास, अंक्ति अरोड़ा, आम आदमी पार्टी के नेता हरप्रीत सिंह हैप्पी, अवतार सिंह, शाम सिंह, अकाली दल के प्रधान सुरजीत सिंह राजा ने भी विभाग के इस कदम का स्वागत किया है। उनका कहना है कि नए ट्रांसफार्मर लगने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पहले की तुलना में अधिक स्थिर और सुचारू होने की उम्मीद है। विभाग ने आगे भी जरूरत के अनुसार बिजली ढांचे को मजबूत करने की बात कही है।