फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पादरी से मिला करोड़ों का कैश, खुलासा- खन्ना पुलिस के दो एएसआई ने किया था 6.5 करोड़ का गबन

Sat, 13 Apr 2019 11:32 AM IST
खुशबू गोयल सुरिंदर पाल, अमर उजाला, प्रतापपुरा(जालंधर)
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
विज्ञापन
फादर एंथनी से 9.66 करोड़ की राशि बरामद करने के बाद खन्ना पुलिस के दो एएसआई ने अपने मुखबिर के साथ मिलकर 6.5 करोड़ रुपये गायब कर दिए थे। आईजी क्राइम प्रवीण कुमार ने मामले में अपनी जांच पूरी कर ली है और उसी में यह खुलासा हुआ है।
विज्ञापन


दोनों पुलिस मुलाजिम बिना बताए ड्यूटी से गायब हो गए हैं और जांच में शामिल भी नहीं हुए। आईजी क्राइम प्रवीण कुमार सिन्हा किसी भी वक्त डीजीपी दिनकर गुप्ता को अपनी रिपोर्ट दाखिल कर सकते हैं, जिसमें दोनों सहायक थानेदारों के अलावा मुखबिर सुरिंदर कुमार को आरोपी बताया गया है।

ऐसे गायब किए साढ़े छह करोड़

अमर उजाला ने आठ अप्रैल को ही मामले में खुलासा कर दिया था कि फादर एंथनी के 6.5 करोड़ का गबन पुलिस ने किया है। इस बात की तहकीकात की जा रही है कि गबन किस स्तर पर हुआ है और इस पैसे की बंदरबांट में कौन-कौन शरीक है। सूत्रों के मुताबिक, प्रतापपुरा में 29 मार्च को जब छापेमारी हुई, वहां दो पुलिस पार्टी थी।

एक पुलिस पार्टी ने ग्राउंड फ्लोर पर पैसा जब्त किया और फादर एंथनी व उनके साथियों को हिरासत में लिया। दूसरी टीम में एएसआई जोगिंदर और राजप्रीत थे। उनके साथ मुखबिर सुरिंदर भी था। तीनों वरना कार में सवार थे। जब ग्राउंड फ्लोर पर 9.60 करोड़ रुपये जब्त करके खन्ना पुलिस की पहली पार्टी निकल गई तो वरना कार वाले मुलाजिम पहली मंजिल पर पहुंच गए।

वहां पर 6.5 करोड़ रुपये थे और उन्होंने उस राशि को समेटा और कार में रख लिया। यह पुलिस टीम प्रतापपुरा से पहली पार्टी के निकलने के करीब 15 मिनट बाद निकली। कार में सवार तीनों लोग खन्ना भी काफी देरी से पहुंचे और वहां जाकर पैसा जमा नहीं करवाया।
विज्ञापन

बिना बताए गायब हो गए दोनों मुलाजिम

फादर एंथनी ने जब शोर मचाया कि उसका 6.5 करोड़ रुपये गायब हैं तो रेड करने वाले पुलिस जवानों को बुलाया गया। प्राथमिक जांच में एएसआई जोगिंदर और राजप्रीत शरीक हुए, उनके साथ मुखबिर सुरिंदर भी आया। तीनों की शिनाख्त बैंक मुलाजिमों ने भी की और कहा कि यही तीनों पहली मंजिल पर पैसा लेने के लिए आए थे।

दोनों मुलाजिमों ने तर्क दिया कि पैसा उन्होंने खन्ना सीआईए स्टाफ में दे दिया था। इसके बाद जांच में सामने आया कि 70 फीसदी बड़े नोट गायब थे, जिनको तीनों ने खुर्द बुर्द कर दिया था। आईजी क्राइम प्रवीण सिन्हा ने दोनों पुलिस मुलाजिमों को लिखित बयान देने के लिए बुलाया, लेकिन दोनों ड्यूटी से लापता हो गए।

जानकारी के अनुसार, दोनों मुलाजिम पटियाला के हैं। पुलिस का शक गहरा हो गया, तब जब दोनों मुलाजिम बिना बताये ड्यूटी से खिसक गए। वहीं बैंक मुलाजिमों ने दोनों मुलाजिमों के अलावा मुखबिर की शिनाख्त कर ली है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें