चंडीगढ़। बारिश के बाद से तापमान में कमी जारी है। अब रात के तापमान में सात डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। रात का तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से सात डिग्री कम रहा जबकि दिन के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी जरूर हुई है, लेकिन अब भी यह सामान्य से नीचे ही है। शनिवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा।
शुक्रवार रात भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि 28 व 29 अप्रैल के आसपास फिर से मौसम बदलने की संभावना बन रही है। दोनों दिन हल्के बादल छा सकते हैं। इससे पहले तापमान में बढ़ोतरी होगी। अगले तीन दिन अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री के बीच रिकार्ड किया जा सकता है।