फैशन टेक्रोलॉजी के क्षेत्र में अग्रणी संस्थान नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्रोलॉजी (एनआईएफटी) कैंपस का शिलान्यास टेक्सटाइल मंत्री स्मृति जुबिन इरानी और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल करेंगे। सेक्टर-23 में 10 एकड़ में प्रस्तावित निफ्ट के निर्माण पर करीब 100 करोड़ की लागत आएगी। निफ्ट में 2017-18 सत्र से ही देश के 230 युवक-युवतियों को अपैरल, टेक्सटाइल डिजाइन संबंधित पाठ्यक्रमों में शिक्षण का मौका मिलेगा।
खास बात यह होगी कि संस्थान में दाखिले के लिए 20 फीसदी सीटें हरियाणा के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित होंगी। निफ्ट भवन के निर्माण तक किराये की बिल्डिंग में छात्र-छात्राओं को पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। देश के अग्रणी संस्थान की पंचकूला में शुरुआत से न केवल विकास में तेजी आएगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। संस्थान की शुरुआत से पंचकूला के इर्द-गिर्द भी गारमेंट और अपैरल एक्सपोर्ट करने वाली कंपनियों के लिए भी निवेश की संभावनाएं काफी बढ़ जाएंगी।
विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने संवाददाताओं को बताया कि यह शहर के लिए गौरव की बात होगी। प्रदेश के युवाओं को फैशन टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में पढ़ाई करने सहित इस क्षेत्र में कैरियर बनाने का मौका मिलेगा। इस परियोजना से पंचकूला सहित पूरे हरियाणा के युवाओं के लिए संभावनाएं काफी बढ़ जाएंगी। यह बिल्डिंग अत्याधुनिक होगी, इसमें विद्यार्थियों के लिए सभी सुविधाएं होंगी। यहां फैशन डिजाइन एवं टेक्सटाइल डिजाइन में चार वर्षीय कोर्स, फैशन टेक्रोलॉजी और अपैरल प्रॉडक्शन में चार वर्षीय कोर्स के अलावा दो वर्षीय कोर्स भी होंगे। ढाई वर्ष में निफ्ट के निर्माण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा और इसके निर्माण की जिम्मेदारी हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन को कंसलटेंट नियुक्त किया गया है। आने वाले वर्षों में सीटों की संख्या बढ़ाकर 800 से अधिक कर दी जाएगी।