राष्ट्रीय जांच एजेंसी (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार को पंजाब के मोगा जिले में खालिस्तानी झंडा फहराने के मामले में आरोपपत्र दाखिल किया। एनआईए ने सिख फॉर जस्टिस से जुड़े छह लोगों के खिलाफ यह आरोप पत्र दाखिल किया है। बता दें कि पिछले साल स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पूर्व पंजाब के मोगा जिले में डीसी कांप्लेक्स में खालिस्तानी झंडा फहराया गया था।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी के एक प्रवक्ता ने बताया कि पिछले साल 14 अगस्त को दो आरोपियों ने मोगा स्थित डीसी कांप्लेक्स की छत पर झंडा फहराया था। इतना ही नहीं आरोपियों ने मुख्य द्वार पर पहले से लगे राष्ट्रीय ध्वज की रस्सी भी काट दी थी। एनआईए के अधिकारी के मुताबिक दोनों आरोपियों ने आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के उकसावे पर यह किया था। इन पर इनाम की घोषणा भी की गई थी। बता दें कि सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) पर भारत सरकार ने प्रतिबंध लगाया हुआ है।
मोहाली स्थित एनआईए की विशेष अदालत में गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) और आईपीसी की धाराओं में इंद्रजीत सिंह, जसपाल सिंह, आकाशदीप सिंह, जगविंदर सिंह, पन्नू और हरप्रीत सिंह के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया। एनआईए के अधिकारियों के मुताबिक इंद्रजीत सिंह, जसपाल सिंह और आकाशदीप सिंह ने खालिस्तानी झंडा लगाया था।