नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) की तरफ से एनआईए की स्पेशल कोर्ट में बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े पांच लोगों के खिलाफ चार्जशीट फाइल की गई है। आरोपियों की पहचान कुलविंदर जीत सिंह, रविंदर पाल सिंह उर्फ रवि निवासी मोगा, जगदेव सिंह उर्फ सोनू निवासी फतेहगढ़ साहिब, हरचरन व निशान सिंह के रूप में हुई है।
एनआईए ने आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां, आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक, मामले के मुख्य आरोपी रविंदर पाल सिंह और जगदेव को पंजाब पुलिस ने इसी साल मई में गिरफ्तार किया था। इनसे पूछताछ में सामने आया था कि आरोपी बब्बर खालसा इंटरनेशनल के मेंबर हैं।
जब इस केस की जांच एनआईए को सौंपी गई तो एनआईए की जांच में सामने आया कि कुलविंदर जीत सिंह इस मामले का मुख्य मास्टरमाइंड है, जो अब तक एजेंसियों की पकड़ से बाहर है। वह विदेश में बैठा हुआ है। उसके प्लान पर ही आरोपी पंजाब के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर सीरियल ब्लास्ट कर अशांति फैलाने की तैयारी में थे। आरोपी इस काम को अंजाम देने के लिए फंड तक जुटा चुके थे। इनका मुख्य उद्देश्य पंजाब की शांति को भंग करना था। आरोपी सोशल मीडिया समेत विभिन्न संचार साधनों का प्रयोग कर रहे थे।