डेरा बाबा नानक में करतारपुर कॉरिडोर के निर्माण के लिए जमीन की निशानदेही कर ली गई है, और अब अधिग्रहण की तैयारी शुरू हो गई है। इसी सिलसिले में डेरा बाबा नानक की भारत-पाकिस्तान सीमा पर बने दर्शन स्थल पर कॉरिडोर की तैयारियों को लेकर अहम बैठक हुई। इस बैठक में डेरा बाबा नानक के एसडीएम अशोक कुमार शर्मा और बीएसएफ के आईजी महिपाल यादव मौजूद रहे।
मीटिंग के बाद डेरा बाबा नानक के एसडीएम अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि रेवेन्यू विभाग के पटवारियों ने अब तक दर्शन स्थल तक आने वाली सड़कों की निशानदेही की है, ताकि जमीन का अधिग्रहण किया जा सके। जमीन की निशानदेही के लिये लाल झंडियां भी लगाई जा रही हैं। एसडीएम ने बताया कि विभाग की ओर से जो जमीन अधिग्रहीत की जानी है, उसकी खसरा नंबर आदि की रिपोर्ट तैयार करके सरकार को भेज दी जायेगी।
इसके अलावा लांघे के निर्माण के दौरान बीएसएफ के दफ्तर, कस्टम की इमारत, इमीग्रेशन के दफ्तर भी तैयार किये जाएंगे। इनके निर्माण के लिये 70 किले जमीन की जरूरत पड़ेगी। एसडीएम ने बताया कि मीटिंग के दौरान बीएसएसफ के अधिकारियों ने भी अपने सुझाव दिए हैं। करतारपुर लांघे के निर्माण का काम तेजी से चल रहा है और जल्द ही इसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा।