हरियाणा में अगले महीने का बिल देखकर बिजली उपभोक्ताओं को तगड़ा झटका लग सकता है। वजह, बिजली निगम की ओर से बिलिंग सिस्टम को केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना आर-एपीडीआरपी के साथ जोड़ा जा रहा है।
इसके चलते इस बार का बिजली बिल नहीं आएगा। मई महीने में घरेलू उपभोक्ताओं को दो की बजाय तीन महीनों का, जबकि कॉमर्शियल उपभोक्ताओं को दो महीनों का बिल एक साथ जमा करवाना होगा। फिलहाल इस योजना से जोड़ने के लिए उपभोक्ताओं का डाटा आर-एपीडीआरपी को ट्रांसफर किया जा रहा है, जिसमें कुछ वक्त लगने के आसार हैं।
शहरी उपभोक्ताओं को अबकी बार नहीं मिलेगा बिल
अप्रैल महीने का अंतिम सप्ताह चल रहा है, ऐसे में अभी तक बिजली उपभोक्ताओं को बिल नहीं बांटे गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक इस बार बिजली बिल बांटे भी नहीं जाएंगे, क्योंकि बिजली बिलों के सिस्टम को ऑनलाइन करने के लिए आर-एपीडीआरपी स्कीम के साथ जोड़ा जा रहा है।
इस स्कीम के साथ जोड़ने से बिजली निगम ट्रांसफार्मरों और फीडरों पर बिजली व्यवस्था की ऑनलाइन मॉनिटरिंग कर सकेगा। फिलहाल सारा डाटा आर-एपीडीआरपी में ट्रांसफर किया जा रहा है, इसलिए इस बार बिजली बिल नहीं बांटे जाएंगे। बल्कि अगली बार घरेलू उपभोक्ताओं को तीन महीने, जबकि कॉमर्शियल उपभोक्ताओं को दो महीनों का बिल एक साथ भरना होगा।