शुक्रवार को कैरू में छह माह पहले शादी हुई नवविवाहिता का शव घर में जला मिला है । कमरे का दरवाजा भी टूटा मिला है। मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए तंग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बुलेट बाइक नहीं दी तो उसकी बेटी को जलाकर मार डाला। जबकि मृतका के ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि महिला का पति बीमार था और उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया था। मृतका घर पर अकेली थी। फिलहाल तोशाम थाना पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर पति सहित पांच सदस्यों पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है।
मामला शुक्रवार देर शाम कैरू का है। कैरू निवासी अंगद की पत्नी संदिग्ध हालात में घर में जली मिली। गुरुग्राम क्षेत्र के गांव फरीदपुर निवासी कंवरपाल और उसके भाई नारायण सिंह ने बताया कि उन्होंने 20 वर्षीय बेटी कोमल की शादी 10 फरवरी 2019 को कैरू निवासी अंगद के साथ की थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को ससुराल में तंग किया जाने लगा था। कोमल को 14 अगस्त को उसका देवर प्रमोद रक्षाबंधन के चलते मायके छोड़कर गया था। इसके बाद 21 अगस्त को कोमल को उसका चचेरा भाई राहुल ससुराल छोड़कर आया था।
23 अगस्त को शाम को उन्हें बेटी की मौत की सूचना मिली। जब वे बेटी की ससुराल पहुंचे तो बेटी फर्श पर जली मिली। इसकी जानकारी भी एक अनजान व्यक्ति ने मैसेज कर उन्हें दी थी। जिसके बाद देर रात को ही वे गांव से कैरू पहुंचे तो उनकी बेटी बुरी तरह से जली हुई हालत में मिली। नारायण सिंह ने बताया कि कोमल दो बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी। उसकी शादी को छह माह ही हुए थे। ससुराल वाले बुलेट बाइक और अन्य सामान की मांग कर रहे थे।
घर में कोई नहीं था कोई, महिला थी अकेली
अंगद के चचेरे भाई सुरेश ने बताया कि अंगद बीमार है और उसे अस्पताल में भर्ती करवाया है। उसकी प्लेटलेट्स कम हो गई है। परिवार के सदस्य अस्पताल गए थे और कोमल घर में अकेली थी। ननद खेत में पशुओं के लिए घास लेने गई थी। अब उन्हें नहीं पता कि यह सब कैसे हुआ।
पुलिस ने जुटाए तथ्य, दहेज हत्या का केस दर्ज
महिला की जलने से मौत की सूचना पर कैरू चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव के आसपास से सबूत भी जुटाए और फिर महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला सामान्य अस्पताल लाया गया। कैरू पुलिस चौकी के जांच अधिकारी सज्जन सिंह ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया। उन्होंने बताया कि मृतका कोमल के पिता कंवरपाल के बयान दर्ज कर आरोपी पति अंगद, उसकी मां, भाई और दो बहनों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है।