नया साल पंजाब वासियों के लिए राहत की सौगात लेकर आया है। साल के पहले दिन से सरकार ने सामान्य बसों के किराए में चार पैसे प्रति किलोमीटर की कमी की है। 100 किलोमीटर सफर करने पर अब 4 रुपये कम किराया देना होगा।
वहीं, स्टेट अवार्डी शिक्षक अगले ही साल नेशनल अवार्ड के लिए अप्लाई कर सकेंगे। परिवहन मंत्री अजीत सिंह कोहाड़ ने बुधवार को बताया कि राज्य के इतिहास में पहली बार बसों के किराए में कटौती की गई है।
चार पैसे की कटौती के बाद अब किराया 91 से घटकर 87 पैसे प्रति किलोमीटर हो जाएगा। साधारण एचवीएसी बसों का किराया 109 पैसे से घटाकर करीब 104 पैसे प्रति किलोमीटर किया गया है।
इसके अलावा इंटेगरल कोच बसों का किराया करीब 163 पैसे से घटाकर 156 पैसे प्रति किलोमीटर किया गया है। वहीं, सुपर इंटेगरल कोच का किराया 182 पैसे से घटाकर 174 पैसे प्रति किलोमीटर किया गया है।