कई सालों से लटके दूसरी मंडी के प्रोजेक्ट में अब तेजी आने लगी है। आर्किटेक्ट विभाग मंडी के ले आउट प्लान को लेकर मंथन कर रहा है। उम्मीद है कि एक महीने में प्लान हो जाएगा।
मंडी का एरिया भी अब तय हो गया है। यहां 75 एकड़ जमीन पर मंडी विकसित की जाएगी और प्रशासन ने जमीन को लेकर अपनी तमाम औपचारिकताएं भी पूरी कर ली हैं।
सेक्टर-39 में मंडी बनाने का काम लगभग दस साल से अटका पड़ा है। पिछले एक साल के दौरान इस प्रोजेक्ट में कुछ तेजी आने लगी है।
सेक्टर-26 मंडी पर निर्भरता कम करने के इरादे से सेक्टर-39 में नई मंडी विकसित करने की योजना बनाई गई। यह मंडी पूरी तरह होल सेल ही होगी और यहां रिटेल का काम बिल्कुल नहीं होगा।
सब्जी विक्रेताओं को मिलेगा फायदा
नई मंडी विकसित होने से शहर के सब्जी विक्रेताओं को काफी फायदा होगा। शहर में फिलहाल सेक्टर-26 में ही एक होल सेल सब्जी मंडी है।
शहर के तमाम सब्जी विक्रेता इसी मंडी से सब्जियां और फल खरीदने आते हैं। वहीं, मोहाली-पंचकूला के भी काफी सब्जी विक्रेता यहीं आते हैं।
इस कारण हर रोज यहां भीड़ लगी रहती है। शहर की आबादी बढ़ने के कारण मंडी पर बोझ भी काफी बढ़ गया है। इस वजह से हर समय जाम लगा रहता है। दूसरा यहां रिटेल में भी सब्जियां बिकती हैं। इस कारण भी यहां ज्यादा भीड़ रहती है।