सुखना लेक स्थित नर्सरी में पौधे लेने वालों को अब सावधानी बरतनी होगी, क्योंकि लेक स्पोर्ट्स क्लब पर नई बनी शूटिंग रेंज नर्सरी से बिल्कुल सटी हुई है। यही नहीं शूटिंग रेंज और नर्सरी के बीच दीवार तक नही हैं।
केवल लोहे की जाली लगी हुई है। यह शूटिंग रेंज पूरी तरह से ओपन है। खुली रेंज होने से अभ्यास या फिर टूर्नामेंट के दौरान तेज हवा से निशानेबाजों का ध्यान बंट सकता है और निशाना चूक कर इधर-उधर जा सकता है।
इसी तरह नर्सरी में पौधे लेने आने वाले लोग भी हादसे का शिकार बन सकते हैं। याद रहे लेक स्पोर्ट्स क्लब में टेनिस कोर्ट के बगल में आनन-फानन में 15 दिनों के भीतर अविनभ बिंद्रा के नाम से 10 मीटर की शूटिंग रेंज का उद्घाटन कर दिया गया।
सुखना लेक साइलेंस जोन
सुखना लेक साइलेंस जोन के अंदर आता है। सुखना लेक पर हजारों की संख्या में सैलानी सैर करने और परिंदों को देखने आते हैं। इसके लिए इसे साइलेंस जोन का दर्जा मिला हुआ है। इसके तहत यहां पर किसी तरह की शूटिंग नहीं हो सकती।
पब्लिक प्लेस से दूर होनी चाहिए रेंज
शूटिंग रेंज के पास आर्चरी एकेडमी, रोइंग क्लब साथ ही नर्सरी बनी हुई हैं। नेशनल राइफल शूटिंग राइफल एसोसिएशन की गाइडलाइन के अनुसार कोई भी शूटिंग रेंज पब्लिक प्लेस से कम से कम 400 मीटर की दूर होनी चाहिए।
यहां बनी 10 मीटर की एयर राइफल शूटिंग रेंज में छर्रे से फायर किया जाता है। इससे अधिक अवाज नहीं होती है और लक्ष्य वाली जगह पर लोहे की शीट भी लगी हुई है। ऐेसे में छर्रे इस शीट को भेद नहीं पाएंगे। वहीं, शूटिंग रेंज में जल्द की टूर्नामेंट को शुरू कराया जा रहा हैं।
तेजिंदर सिंह ढिल्लों, जीएम, सुखना लेक स्पोर्ट्स क्लब