चंडीगढ़वासियों पर पेड पार्किंग के बढ़े हुए रेट का बोझ 1 दिसंबर से पड़ेगा। नगर निगम ने शहर की 25 पेड पार्किंग चलाने वाली आर्य इंफ्रा कंपनी को 18 नवंबर तक का समय स्मार्ट पार्किंग करने के लिए दिया है, जिसके तहत काम तेजी से चल रहा है।
18 को ही नगर निगम की कमेटी शहर की सभी पार्किंगों का दौरा करेगी। अधिकारियों के अनुसार पार्किंगों को स्मार्ट करने का समय 5 दिन और बढ़ जाता है। कमेटी की मंजूरी मिलने के बाद आर्य इंफ्रा कंपनी बढ़े हुए रेट लागू कर देगी जबकि आर्य इंफ्रा कंपनी ने शहर की सभी पेड पार्किंगों के प्रवेश द्वार बढ़े हुए रेट की लिस्ट प्रिंट करवा दी है। अभी शुरुआत के 4 घंटे के रेट दोगुने हो जाएंगे जबकि एक अप्रैल 2018 से रेट अभी के मुकाबले में रेट चार गुना हो जाएंगे। ऐसे में शहरवासियों के लिए वाहन पार्क करना काफी महंगा होने वाला है। पार्किंग रेट बढ़ाने का निर्णय इस साल अप्रैल में सदन की बैठक में हो चुका है।
निगम के कमरा नंबर-221 में बना सर्वर रूम
सेक्टर-17 के नगर निगम कार्यालय के कमरा नंबर-221 में सर्वर रूम बन गया है। इसके तहत पेड पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरे जोड़ दिए गए है। इससे पूरे शहर की पेड पार्किंगों पर नजर रखी जाएगी जबकि एक सप्ताह बाद सभी पेड पार्किंग के प्रवेश द्वार पर डिजिटल स्क्रीन लग जाएगी। एंट्री प्वाइंट पर ही पता चल जाएगा कि किस जगह पर पार्किंग में स्पेस खाली है।
पार्किंगों को स्मार्ट बनाने का काम तेजी से चल रहा है। जब पार्किंग पूरी तरह से स्मार्ट हो जाएंगी कमेटी अपनी रिपोर्ट दे देगी तब आर्य इंफ्रा कंपनी को पार्किंग रेट बढ़ाने की मंजूरी दे दी जाएगी। नगर निगम की ओर से जो-जो काम पार्किंगों की हालत सुधारने के लिए करने थे वे भी कर दिए गए हैं। 18 नवंबर तक स्मार्ट पार्किंग करने की डेडलाइन दी गई है।
- अनिल गर्ग, अतिरिक्त कमिश्नर
70 प्रतिशत से ज्यादा काम स्मार्ट बनाने के लिए हो चुके हैं। एप को भी जल्द लांच कर दिया जाएगा। सिर्फ पार्किंगों के स्पेस तय करने वाली लाइनिंग का काम होना है।
- संदीप बोहरा, प्रोजेक्ट कोआर्डिनेटर आर्य इंफ्रा कंपनी