हरियाणा के नए राज्यपाल रविवार को हरियाणा राजभवन में शपथ ग्रहण करेंगे। हरियाणा की अलग सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के गठन के समय हरियाणा में नए राज्यपाल की नियुक्ति से हरियाणा सरकार को क्या नफा-नुकसान होगा, यह स्थिति राज्यपाल के शपथ ग्रहण के बाद स्पष्ट होगी। हालांकि, मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शपथ ग्रहण से एक दिन पहले राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी से दिल्ली में मुलाकात कर उन्हें बधाई दी है।
अलग कमेटी के गठन के मामले में हरियाणा सरकार को केंद्र लगातार घुड़की दे रहा है। हालांकि, केंद्र से मिले पत्रों का जवाब हरियाणा सरकार की ओर से दिया जा चुका है, लेकिन हरियाणा सरकार को आशंका है कि इस ज्वलंत मामले में पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की वजह से केंद्र फिर हस्तक्षेप कर सकता है। वजह साफ है कि हरियाणा विधानसभा में पास किए गए अलग कमेटी के बिल पर निवर्तमान राज्यपाल जगन्नाथ पहाड़िया ने अपनी मुहर लगाई थी। पहाड़िया का कार्यकाल शनिवार को पूरा हो गया है।
पंजाब की शिअद सरकार अब तक इस बिल को राष्ट्रपति के पास भेजने की बात कहती रही है, ऐसे में नए राज्यपाल सोलंकी पर इस मामले को निपटाने की खास जिम्मेदारी मानी जा रही है। शपथ से एक दिन पहले शनिवार को मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने नए राज्यपाल से दिल्ली में मुलाकात कर उनका स्वागत किया।