चंडीगढ़। चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नई अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानों की शुरुआत की कवायद तेज हो गई है। चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट अथॉरिटी लिमिटेड ने 10 विमानन कंपनियों के सीईओ को पत्र भेजकर शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नई उड़ानें शुरू करने के लिए आमंत्रित किया है।
पत्र में सिंगापुर, लंदन, बैंकाक, मलेशिया और कनाडा के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने का प्रस्ताव दिया गया है। वहीं घरेलू उड़ानों के लिए जोधपुर, अयोध्या, प्रयागराज, त्रिवेंद्रम, कोच्चि, जम्मू, नागपुर, सूरत, नांदेड़, गुवाहाटी और भुवनेश्वर को सूची में शामिल किया गया है। विमानन कंपनियों में एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो, आकाशा, एलायंस, अलहिंद, फ्लाई एक्सप्रेस, शंख, स्पाइसजेट और स्टार एयर शामिल हैं। पत्र में एयरपोर्ट पर उपलब्ध अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं की जानकारी भी दी गई है।
अथॉरिटी ने बताया है कि एयरपोर्ट पर ई-टाइप बी-777 और ए-330 तथा सी-टाइप बोइंग-737 और ए-320 विमानों का संचालन आसानी से किया जा सकता है। आधुनिक पार्किंग सुविधा के अलावा एयरपोर्ट और आसपास उपलब्ध अन्य सुविधाओं का ब्योरा भी कंपनियों के साथ साझा किया गया है।