14 अगस्त से चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हैदराबाद के लिए नई फ्लाइट उड़ान भरेगी। गो एयर की यह फ्लाइट सुुबह 9:05 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट से उड़ान भरकर हैदराबाद दिन में 11:30 बजे पहुंचेगी।
वहीं हैदराबाद से यह फ्लाइट दोपहर 12 बजे उड़ान भरकर चंडीगढ़ में दोपहर 2:30 बजे लैंड करेगी। इससे ट्राइसिटी के लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी, क्योंकि अभी चंडीगढ़ से हैदराबाद के लिए सिर्फ इंडिगो की फ्लाइट है, जो दिन में 2:20 बजे चंडीगढ़ लैंड कर हैदराबाद के लिए 2:50 बजे उड़ान भरती है।
15 अगस्त से शुरू होगी दिल्ली-अमृतसर-बर्मिंघम उड़ान
केंद्रीय उड्डयन मंत्री हरदीप पुरी ने अमृतसर वासियों को दिल्ली-अमृतसर-बर्मिंघम के बीच सीधी उड़ान शुरू कर एक और तोहफा दिया है। यह उड़ान स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को शुरू होगी। फ्लाइट मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को उड़ान भरेगी।
इस उड़ान को शुरू करने के लिए अमृतसर विकास मंच ने चुनाव प्रचार के दौरान हरदीप पुरी के सामने मांग रखी थी। बता दें कि हरदीप पुरी इससे पहले भी अमृतसर-दिल्ली-टोरंटों के बीच 27 सितंबर से सीधी उड़ान शुरू करने की घोषणा कर चुके हैं।
श्री अकाल तख्त साहिब और तख्त श्री पटना साहिब को आपस में हवाई मार्ग से जोड़ने के लिए 27 सितंबर को मुंबई-अमृतसर-पटना साहिब के बीच भी सीधी उड़ान शुरू होगी।