प्रशासन ने वर्षों से डेलीवेजेज पर काम करने वाले तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के सैकड़ों कर्मचारियों को पक्का करने का निर्णय लिया है। इसके तहत चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम में जो कर्मचारी दिसंबर-2006 तक 10 साल की नौकरी पूरी कर चुके हैं, उन्हें पक्का किया जाएगा।
इससे करीब 325 कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी। को-आर्डिनेशन कमेटी आफ गवर्नमेंट एंड एमसी इंप्लाइज एंड वर्कर्स यूटी की तरफ से एक महीने तक चलाए गए आंदोलन के बाद प्रशासन ने पालिसी में संशोधन करने के लिए बुधवार को आदेश जारी कर दिए।
उधर, कमेटी के संयोजक राकेश कुमार ने कोर कमेटी की बुधवार को बैठक बुलाकर प्रशासन के लिए धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया।
राकेश कुमार ने बताया कि कुछ दिनों पहले एक शिष्टमंडल ने सलाहकार विजय देव से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि जो कर्मचारी रेगुलर नहीं हो सकते हैं, उनके लिए भी कुछ बेहतर काम किए जाएंगे।
इनमें एलटीए, फिक्स्ड मेडिकल व छुट्टियां शामिल हैं। उन्होंने वित्त सचिव को निर्देश दिए थे कि वे नगर निगम व प्रशासन के चीफ इंजीनियरों को इस बारे में निर्देश जारी करें।
धन्यवाद प्रस्ताव पास करने के लिए बुलाई गई बैठक में अजीत सिंह, राजकुमार, अमरजीत सिंह रंधावा, अश्विनी कुमार, सतिंद्र सिंह, सुखविंदर सिंह, सुरिंदर कुमार, जसविंदर सिंह, लालजीत, विजय कुमार परमंदिर जीत कौर व शोभना पठानिया भी शामिल हुए।