हरियाणा में कोरोना की नई गाइडलाइन जारी
- फोटो : ANI
हरियाणा सरकार ने कोरोना को लेकर नई गाइडलाइन जारी की हैं। उन सभी स्थानों पर जहां पहले 50 लोगों के शामिल होने की अनुमति थी, उसे अब 30 कर दिया गया है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संजीव कौशल ने बताया कि जिम, सिनेमा हॉल इत्यादि स्थान में अब सिर्फ 30 लोग शामिल हो सकेंगे।
सरकार ने आईएएस विजयेंद्र कुमार को राज्य ऑक्सीजन नियंत्रण कक्ष का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। आईएस अंशज सिंह, शक्ति सिंह, सुशील सारवान, एचसीएस अनिल नगर, सितेंद्र सिवाच, अनिल दून, राजेश कौथ, मयंक भारद्वाज व मुकंद राज्य नोडल अधिकारी की ऑक्सीजन आपूर्ति की निगरानी व समन्वय में मदद करेंगे।
आपात स्थिति के लिए मैरिज पैलेस, बैंक्वेट हॉल व अन्य बड़े स्थान चिन्हित करें डीसी
हरियाणा के मुख्य सचिव विजय वर्धन ने सभी डीसी को निर्देश दिए हैं कि वे कोविड-19 के बढ़ते प्रसार के मद्देनजर जिलों में 2-3 मैरिज पैलेस, बैंक्वेट हॉल या अन्य कोई बड़ा स्थान चिन्हित कर तैयार रखें ताकि इन्हें आपात स्थिति में प्रयोग किया जा सके। उन्होंने क्विक रिस्पांस टीम बनाने, 5-6 छोटे अस्पतालों पर एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने व ‘माइक्रो कंटेनमेंट जोन’ बनाकर रिपोर्ट मुख्यालय भिजवाने को कहा है।
मुख्य सचिव सोमवार को ‘क्राइसेस कोर्डिनेशन कमेटी’की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में सभी जिलों के डीसी, एसपी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। मुख्य सचिव ने कहा कि ‘माइक्रो कंटेनमेंट जोन’ वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग करवाकर पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाएं ताकि मरीजों से कोरोना का प्रसार न फैले और लोग लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा, शाम 6 बजे के बाद किरयाना व दवाइयों की कुछ दुकानों को डीसी अपने विवेक से निर्णय लेते हुए रोस्टर प्रणाली के तहत खुला रखवा सकते हैं। आईएमए की मदद से छोटे अस्पतालों में ऑक्सीजन के उचित तरीके से आवंटन के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त कर सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा राज्य को 162 मीट्रिक टन ऑक्सीजन प्रतिदिन के लिए अलॉट की गई है, प्रदेश सरकार इसका उचित आवंटन कर अधिक से अधिक मरीजों तक पहुंचाने की कोशिश कर रही है।
आगे आये आईएमए, जरूरी स्थानों पर करें मदद
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की हरियाणा इकाई से महामारी में मदद के लिए आगे आने का आग्रह किया है। विज ने ट्वीट कर कहा कि आईएमए जरूरी स्थानों पर कोरोना संक्रमितों की मदद करे। डॉक्टर व अन्य जरूरी वस्तुएं मुहैया कराई जाएं।
नव सिविल सचिवालय में एक सप्ताह तक बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश बंद
कोविड-19 संक्रमण के मद्देनजर हरियाणा सरकार ने चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित नव सिविल सचिवालय में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर एक सप्ताह की अवधि के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। बेशक, किसी ने अप्वाइंटमेंट के जरिये भी समय लिया हो। एक सप्ताह के बाद निर्णय की पुन: समीक्षा की जाएगी। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संजीव कौशल ने मंगलवार को यह आदेश जारी किए। आदेश के अनुसार अप्वाइंटमेंट लेने वाला कोई भी व्यक्ति वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर सकता है। इसके लिए संबंधित अधिकारी उन्हें यह सुविधा प्रदान कर सकते हैं।