नवजात को कपड़े में लपेट गेट पर फेंक गए
अमानवीयता की हद देखिए, नवजात बच्ची को कपड़े में लपेट कर आश्रम के गेट पर फेंका और फरार हो गए। बच्ची रो-रोकर बेहाल थी और मुश्किल से सांस ले रही थी। मामला हरियाणा के हिसार का है। कैमरी रोड के राधा स्वामी आश्रम के गेट के बाहर सोमवार तड़के बाइक सवार दो-तीन लोग एक नवजात बच्ची को फेंककर फरार हो गए।
बच्ची सिविल अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राधा स्वामी आश्रम के केयरटेकर रामफल ने बताया कि वह तड़के चार बजे जाग जाते हैं। करीब साढे़ पांच बजे वे अपने कमरे में बैठे थे।
काफी देर से कुत्ते भी भोंक रहे थे। तभी दो तीन लोग आए और बताया कि गेट के पास जमीन पर एक बच्ची पड़ी है और रो- रोकर बेहाल है। बात सुनकर वे गेट तक आए तो गेट के साइड में आसमानी रंग के कपड़े में एक नवजात बच्ची लिपटी मिली।