-113.96 ग्राम कोकीन बरामद, नशे के पैसे से खरीदी तीन लग्जरी गाड़ियां जब्त म्यूल खाते का एटीएम कार्ड भी मिला
हर डिलीवरी के मिलते थे 500 रुपये, नशे की कमाई से खरीदी गई बताई जा रही मर्सिडीज, पजेरो और टाटा सफारी जब्त
चंडीगढ़। शहर के युवाओं और क्लबों-पार्टियों में जाने वाले लोगों तक कोकीन पहुंचाने वाले कथित नेटवर्क का चंडीगढ़ पुलिस की ऑपरेशन सेल ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने नाइजीरियाई नागरिक एजेपुटा चार्ल्स चिजलोके (40), जीरकपुर निवासी राकेश कुमार उर्फ करण (34) और सेक्टर-49 के पुष्पक कॉम्प्लेक्स निवासी जसकरण सिंह गिल को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 113.96 ग्राम कोकीन बरामद की गई है। पुलिस ने तीन लग्जरी गाड़ियां मर्सिडीज, पजेरो और टाटा सफारी तथा एसबीआई का एटीएम कार्ड भी जब्त किया है।
सेक्टर-23 से शुरू हुई जांच, देहरादून तक पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक, 4 अक्तूबर 2026 को गश्त के दौरान सेक्टर-23सी मार्केट के पास राकेश कुमार उर्फ करण को पकड़ा गया। उसके पास से 22.10 ग्राम कोकीन मिली। पांच अक्तूबर को सेक्टर-17 थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। पूछताछ में राकेश ने कथित तौर पर जसकरण सिंह गिल का नाम बताया। पुलिस ने उसे देहरादून से गिरफ्तार किया। जसकरण के कब्जे से 21.30 ग्राम कोकीन बरामद हुई।
नाइजीरियाई नागरिक से खरीदता था कोकीन
पुलिस के अनुसार पूछताछ में जसकरण ने बताया कि वह कोकीन नाइजीरियाई नागरिक एजेपुटा चार्ल्स चिजलोके से खरीदता था। पुलिस ने उसे 6 अक्तूबर को खारड़ स्थित रोजविला वेंचर से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 70.56 ग्राम कोकीन बरामद हुई। पुलिस अब सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
हर डिलीवरी के मिलते थे 500 रुपये
पुलिस के मुताबिक 12वीं पास राकेश रैपिडो के माध्यम से निजी कैब चलाता था। वह कथित तौर पर जसकरण के कहने पर क्लबों और पार्टियों में जाने वाले युवाओं तक कोकीन पहुंचाता था। प्रत्येक डिलीवरी के बदले उसे 500 रुपये मिलते थे। भुगतान क्यूआर कोड या नकद में किया जाता था। जसकरण बीएससी इन एयरलाइंस, टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट की पढ़ाई कर चुका है और कारों की खरीद-फरोख्त करता था। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ मनाली में एनडीपीएस एक्ट का एक मामला पहले भी दर्ज है।
महिला के संपर्क के बाद शुरू की सप्लाई
पुलिस का दावा है कि एजेपुटा वर्ष 2019 में मुंबई के रास्ते भारत आया था। 2020 में गुरुग्राम और 2025 में खरड़ में रहने लगा। वह अफ्रीकी खाद्य उत्पादों का कारोबार करता था। पुलिस के अनुसार सितंबर 2025 में मैरी नाम की महिला के संपर्क में आने के बाद उसने कमीशन पर कोकीन की डिलीवरी शुरू की।