मनोज लुबाना को उठाकर ले जाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
जेईई और नीट की परीक्षा आयोजित कराने के केंद्र सरकार के फैसले के विरोध में तीन दिन से भूख हड़ताल पर बैठे एनएसयूआई के सोशल मीडिया सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज लुबाना और पीयूसीएससी के उपाध्यक्ष राहुल कुमार को पुलिस ने सोमवार को जबरन धरना स्थल से उठाकर हड़ताल खत्म करवा दिया। पुलिस दोनों नेताओं को कांग्रेस भवन से उठाकर सेक्टर-36 स्थित थाने में ले गई और वहां से जीएमएसएच-16 में ले जाकर उनका मेडिकल करवाया। इसके बाद दोनों नेताओं को छोड़ दिया गया।
बता दें कि दोनों नेता बीते तीन दिन से सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे। सोमवार को कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला फूंकने की तैयारी में थे। इसी बीच कांग्रेस भवन में अचानक पुलिस पहुंच गई और दोनों नेताओं को धरना स्थल से उठाकर अपने साथ ले गई।
इस दौरान एनएसयूआई के नेता मनोज लुबाना ने कहा कि हमारी टीम परीक्षा के लिए उपस्थित होने वाले उम्मीदवारों की मदद करने के लिए मंगलवार को सभी परीक्षा केंद्रों पर मौजूद रहेगी। हम सामाजिक दूरी के मानदंडों को सुनिश्चित करने और सैनिटाइजर व मास्क उपलब्ध कराने की पूरी कोशिश करेंगे।
उन्होंने कहा कि 25 लाख छात्र एक साथ प्रवेश के लिए उपस्थित होंगे, जबकि इस समय सोशल डिस्टेंसिंग की बेहद जरूरत है। अभी परीक्षा आयोजित करना किसी गंभीर खतरे को आमंत्रित करना होगा। वहीं, राहुल कुमार ने कहा, हम परीक्षा स्थगित करने की मांग कर रहे हैं न कि रद्द करने की नहीं। उनके समर्थन में प्रदेश उपाध्यक्ष शुभ सेखों, सुखजीत सुक्खी, परगट बराड़, करन रंधावा, जशन कंबोज, सर्वोत्तम और अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
यह भी देखें- हमारे चैनल को सब्सक्राइब भी करें-